Bihar में बारिश और गर्मी का डबल अटैक, 15 जिलों में आंधी-तूफान का अलर्ट, IMD ने जारी की चेतावनी
Bihar: बिहार के लोगों के लिए मौसम का मिजाज काफी मिला-जुला रहने वाला है। मौसम विभाग (IMD) ने राज्य में बारिश और भीषण गर्मी दोनों का अलर्ट जारी किया है। जहां उत्तर बिहार और सीमांचल के इलाकों में बारिश से राहत मिल सकती है,
Bihar: बिहार के लोगों के लिए मौसम का मिजाज काफी मिला-जुला रहने वाला है। मौसम विभाग (IMD) ने राज्य में बारिश और भीषण गर्मी दोनों का अलर्ट जारी किया है। जहां उत्तर बिहार और सीमांचल के इलाकों में बारिश से राहत मिल सकती है, वहीं दक्षिण बिहार के जिलों में लोग उमस और तपती गर्मी से परेशान रहेंगे।
IMD के मुताबिक, 18 जून को उत्तर और सीमांचल बिहार के 15 जिलों में बारिश और आंधी-तूफान आने की संभावना है। पूर्वी बिहार और सीमांचल के 19 जिलों में बिजली गिरने और 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अलर्ट है। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 70-75 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जिससे बिजली गिरने और नुकसान होने का खतरा बढ़ गया है। 17 से 20 जून के बीच बिहार के कई हिस्सों में भारी बारिश होने के आसार हैं।
दूसरी तरफ, गया और औरंगाबाद समेत दक्षिण बिहार के 8 जिलों में मौसम काफी गर्म रहेगा। यहां तापमान 38 से 41 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है और उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान करेगी। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय सीधी धूप में निकलने से बचने और शरीर में पानी की कमी न होने देने की सलाह दी है।
बारिश और तूफान के अलर्ट वाले मुख्य जिलों में पूर्णिया, कटिहार, पटना, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, किशनगंज, भागलपुर, सीवान, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सारण, मधेपुरा, भोजपुर, मधुबनी, वैशाली, सहरसा और सुपौल शामिल हैं।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि उत्तर-पश्चिम भारत में नए वेस्टर्न डिस्टर्बेंस और पूर्वी उत्तर प्रदेश व बिहार के ऊपर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन की वजह से यह बदलाव दिख रहा है। साथ ही, दक्षिण-पश्चिम मानसून के बिहार में आगे बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं, जिससे आने वाले 4-5 दिनों में मौसम और बदलेगा। उम्मीद है कि 23 जून के आसपास मानसून बिहार के और अधिक हिस्सों में प्रवेश कर जाएगा।