Bihar में भारी बारिश का अलर्ट, 24 जिलों में Yellow और 8 जिलों में Orange Alert जारी, बाढ़ का खतरा बढ़ा
Bihar: राज्य में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है जिससे भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिली है। मौसम विभाग (IMD) ने बिहार के 24 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। मुजफ्फरपुर और भागलपुर समेत कई इलाकों में तेज बारिश के साथ
Bihar: राज्य में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है जिससे भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिली है। मौसम विभाग (IMD) ने बिहार के 24 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। मुजफ्फरपुर और भागलपुर समेत कई इलाकों में तेज बारिश के साथ 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार 10 जुलाई को पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, सीतामढ़ी, शिवहर और मधुबनी जिलों में भारी बारिश, बिजली गिरने और तूफान के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं पटना, नालंदा, गया, जहानाबाद, खगड़िया, जमुई और बांका समेत बाकी जिलों में येलो अलर्ट है। 11 और 12 जुलाई को भी राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश और वज्रपात की आशंका बनी रहेगी।
बारिश की चेतावनी को देखते हुए राज्य सरकार ने बाढ़ का अलर्ट जारी कर दिया है। जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी ने फील्ड इंजीनियरों और विभाग के कर्मियों को पूरी तरह सतर्क रहने का निर्देश दिया है। उन्होंने तटबंधों की चौबीसों घंटे निगरानी करने और कटाव रोकने के सभी लंबित कार्यों को एक हफ्ते के भीतर पूरा करने को कहा है।
IMD के वैज्ञानिक आनंद शंकर ने बताया कि अगले तीन दिनों तक बिहार में व्यापक बारिश होगी, हालांकि अगले हफ्ते इसकी तीव्रता कम हो सकती है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि जून में मानसून शुरू होने के बाद से अब तक राज्य में 53 प्रतिशत बारिश की कमी दर्ज की गई है। उत्तर बिहार और आसपास के क्षेत्रों में साइक्लोनिक सर्कुलेशन और उत्तर प्रदेश में कम दबाव का क्षेत्र बनने के कारण मौसम में यह बदलाव आया है।
प्रशासन ने लोगों को सलाह दी है कि तूफान और बिजली कड़कने के दौरान पेड़ों के नीचे शरण न लें और घर के अंदर रहें। भारी बारिश और तेज हवाओं के समय यात्रा करते समय सावधानी बरतें।