Bihar में मौसम के दो रंग, पटना-गया समेत कई जिलों में लू और बारिश का डबल अटैक; IMD ने जारी किया अलर्ट

Bihar: राज्य में इन दिनों मौसम का अजीब मिजाज दिख रहा है। कहीं लोग भीषण गर्मी और लू से परेशान हैं, तो कहीं तेज बारिश और बिजली गिरने का डर बना हुआ है। पटना और गया समेत करीब 19 जिलों में गर्मी और बारिश का दोहरा असर देखने को

Bihar: राज्य में इन दिनों मौसम का अजीब मिजाज दिख रहा है। कहीं लोग भीषण गर्मी और लू से परेशान हैं, तो कहीं तेज बारिश और बिजली गिरने का डर बना हुआ है। पटना और गया समेत करीब 19 जिलों में गर्मी और बारिश का दोहरा असर देखने को मिल रहा है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) पटना के मुताबिक, बिहार के दक्षिणी और मध्य इलाकों में अभी भी तेज गर्मी और उमस है। पटना और गया सहित 14 जिलों में लू (Heatwave) के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में पटना, गया, नालंदा, भोजपुर, बक्सर, रोहतास, कैमूर, औरंगाबाद, जहानाबाद, अरवल, नवादा, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, सारण, सिवान, गोपालगंज, बेगूसराय, लखीसराय और शेखपुरा शामिल हैं। पिछले 24 घंटों में कैमूर में सबसे ज्यादा तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पटना में यह 40.8 डिग्री रहा।

दूसरी तरफ, राज्य के कई हिस्सों में बारिश और आंधी का दौर जारी है। 26 जून को बिहार के 20 जिलों में बारिश और वज्रपात (बिजली गिरने) के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। अररिया, कटिहार, किशनगंज, मधुबनी, पूर्णिया और सुपौल जैसे जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। वहीं पटना, बेगूसराय, खगड़िया और मुंगेर जैसे जिलों में बादल छाए रहने और मौसम अचानक बदलने की संभावना है, जिसके लिए येलो अलर्ट जारी है।

मानसून को लेकर अपडेट देते हुए मौसम विभाग ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून बिहार में आ चुका है, लेकिन दक्षिण बिहार में इसकी रफ्तार थोड़ी धीमी है। उम्मीद है कि अगले 3-4 दिनों में मानसून गुजरात, मध्य प्रदेश और झारखंड से होते हुए बिहार के बाकी हिस्सों में भी पूरी तरह सक्रिय हो जाएगा। 27 जून के बाद मौसम में बड़ा बदलाव आने की संभावना है और जुलाई के पहले हफ्ते तक पूरे राज्य में मानसून सक्रिय हो सकता है, जिससे तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है।

खराब मौसम को देखते हुए प्रशासन ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। लोगों से अपील की गई है कि वे आंधी-तूफान के समय खुले मैदानों, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों से दूर रहें।