Bihar में भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट, IMD ने अगले 3 दिनों के लिए जारी की चेतावनी
Bihar: बिहार के लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल गई है। पिछले दो दिनों से पटना समेत कई जिलों में बारिश हो रही है, लेकिन मौसम विभाग ने अब आने वाले दिनों के लिए अलर्ट जारी किया है। आज राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश और ब
Bihar: बिहार के लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल गई है। पिछले दो दिनों से पटना समेत कई जिलों में बारिश हो रही है, लेकिन मौसम विभाग ने अब आने वाले दिनों के लिए अलर्ट जारी किया है। आज राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश और बिजली गिरने की संभावना है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
IMD पटना ने 12 जुलाई से 14 जुलाई तक के लिए चेतावनी जारी की है। आज यानी 12 जुलाई को कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने का अनुमान है। वहीं 13 और 14 जुलाई को भी भारी बारिश और वज्रपात की संभावना बनी रहेगी। मौसम विभाग ने खासकर निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सावधान रहने की सलाह दी है।
इससे पहले 8 जुलाई को भी 24 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया था। इसमें सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, सीतामढ़ी, शिवहर, मधेपुरा, सुपौल, सहरसा, अररिया, पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज, खगड़िया, भागलपुर, बांका, मुंगेर, जमुई, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण और गोपालगंज जैसे जिले शामिल थे। इन इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान था। इसके विपरीत पटना, गया, नालंदा और रोहतास जैसे दक्षिणी जिलों में ग्रीन अलर्ट था, जहां ज्यादा बारिश की उम्मीद नहीं थी।
मौसम विभाग ने लोगों के लिए जरूरी सुरक्षा निर्देश भी जारी किए हैं। बिजली कड़कने के दौरान पेड़ों के नीचे शरण न लें और कोशिश करें कि घर के अंदर ही रहें। तेज बारिश और हवाओं के समय यात्रा करने में सावधानी बरतें। किसानों को सलाह दी गई है कि वे मौसम की जानकारी रखें और खराब मौसम के दौरान खुले खेतों में काम करने से बचें। हालांकि राज्य में बारिश शुरू हो गई है, लेकिन 9 जुलाई तक के आंकड़ों के मुताबिक मानसून की शुरुआत से अब तक बिहार में 53 प्रतिशत बारिश की कमी दर्ज की गई है।