Bihar के वैशाली में जलजीरा की बोतलों के नीचे छिपाई थी शराब, पुलिस ने पकड़ी 50 लाख की खेप
वैशाली: बिहार पुलिस ने शराब तस्करों के एक नए और अजीब तरीके का पर्दाफाश किया है। वैशाली जिले में पुलिस ने एक ट्रक पकड़ा है जिसमें ऊपर जलजीरा की बोतलें रखी थीं और उनके नीचे भारी मात्रा में विदेशी शराब छिपाई गई थी। यह पूरी
वैशाली: बिहार पुलिस ने शराब तस्करों के एक नए और अजीब तरीके का पर्दाफाश किया है। वैशाली जिले में पुलिस ने एक ट्रक पकड़ा है जिसमें ऊपर जलजीरा की बोतलें रखी थीं और उनके नीचे भारी मात्रा में विदेशी शराब छिपाई गई थी। यह पूरी कार्रवाई पुलिस के ‘ऑपरेशन नीलकंठ’ के तहत की गई है।
पुलिस और मद्य निषेध विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर सदर थाना क्षेत्र में इस ट्रक को रोका। जब जांच की गई तो पता चला कि पुलिस को चकमा देने के लिए तस्करों ने ऊपर जलजीरा की बोतलें सजा रखी थीं। ट्रक के अंदर से कुल 6,132 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई है, जिसकी बाजार में कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई जा रही है।
वैशाली के SP शुभांक मिश्रा ने बताया कि जब पुलिस ने ट्रक घेरा तो चालक और खलासी मौके से फरार हो गए। हालांकि, तकनीकी जांच और पूछताछ के बाद इस तस्करी के पीछे जिले के दो बड़े शराब माफिया विपिन सिंह और पंकज ठाकुर का हाथ सामने आया है। पुलिस ने इन दोनों माफियाओं और फरार चालक-खलासी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
बिहार में अप्रैल 2016 से शराब की बिक्री, उत्पादन और सेवन पर पूरी तरह रोक है। SP शुभांक मिश्रा के अनुसार, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है और शराब माफियाओं के नेटवर्क को खत्म करने के लिए ‘ऑपरेशन नीलकंठ’ के तहत आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।