Bihar: वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र के कुतुबपुर गांव में एक शादी के दौरान जमकर हंगामा हुआ। जयमाला की रस्म के बाद दूल्हे द्वारा दी गई एक धमकी के कारण दुल्हन ने शादी करने से साफ मना कर दिया। इसके बाद दोनों पक्षों के
Bihar: वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र के कुतुबपुर गांव में एक शादी के दौरान जमकर हंगामा हुआ। जयमाला की रस्म के बाद दूल्हे द्वारा दी गई एक धमकी के कारण दुल्हन ने शादी करने से साफ मना कर दिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ा कि बात लात-घूसे और गाड़ियों में तोड़फोड़ तक पहुंच गई।
शादी में विवाद की मुख्य वजह क्या थी
यह घटना 18 अप्रैल 2026 की है। जन्दाहा थाना क्षेत्र के अरनिया गांव के कुंदन कुमार की शादी कुतुबपुर की मौसम कुमारी से तय हुई थी। जयमाला के दौरान दूल्हे कुंदन ने दुल्हन से कहा कि शादी के बाद घर चलो, तब तुम्हें ठीक कर देंगे। इस बात से दुल्हन नाराज हो गई और उसने शादी करने से इनकार कर दिया। इसी बीच दूल्हे पक्ष के दो युवक दुल्हन के कमरे में घुस गए, जिन्हें बाहर निकालने के दौरान दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई।
कितना हुआ नुकसान और क्या हुई कार्रवाई
इस विवाद में दर्जनों लोग घायल हुए और मौके पर मौजूद गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई। पुलिस के मुताबिक, हंगामे में एक बोलेरो, एक अर्टिका और दो स्कॉर्पियो गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए गए। विवाद के कारण शादी के लिए बना सारा खाना भी बेकार चला गया। सूचना मिलने पर बिदुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले गई।
थाने में क्या हुआ फैसला
थाने में कई घंटों तक समझौते की कोशिश की गई। दूल्हा कुंदन कुमार शादी के लिए तैयार था, लेकिन दुल्हन मौसम कुमारी ने शादी करने से पूरी तरह मना कर दिया। अंत में यह तय हुआ कि शादी नहीं होगी और दूल्हे पक्ष द्वारा लड़की वालों को उनके खर्च किए गए पैसे वापस कर दिए जाएंगे।