Bihar के शहरों की बदलेगी सूरत, हर शहर में बनेगी ‘सिग्नेचर रोड’ और बसेंगे 11 नए सैटेलाइट टाउनशिप

Bihar: राज्य सरकार बिहार के शहरों को आधुनिक और सुविधाओं से लैस बनाने के लिए एक बड़ा प्लान लेकर आई है। नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा ने बताया कि अब सभी नगर निगमों, नगर परिषदों और नगर पंचायतों में ‘हाई इम्पै

Bihar: राज्य सरकार बिहार के शहरों को आधुनिक और सुविधाओं से लैस बनाने के लिए एक बड़ा प्लान लेकर आई है। नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा ने बताया कि अब सभी नगर निगमों, नगर परिषदों और नगर पंचायतों में ‘हाई इम्पैक्ट’ योजनाओं पर काम होगा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के विजन के मुताबिक शहरों को स्वच्छ, हरा-भरा और सुव्यवस्थित बनाया जाएगा ताकि आम लोगों को बेहतर शहरी सुविधाएं मिल सकें।

इस योजना के तहत हर शहर में 1 से 2 किलोमीटर लंबी ‘सिग्नेचर रोड’ बनाई जाएगी। ये सड़कें शहर की नई पहचान होंगी, जिन्हें चौड़ा किया जाएगा और यहाँ आकर्षक लाइटें व हरियाली विकसित की जाएगी। साथ ही जरूरत के हिसाब से व्यवस्थित नाइट मार्केट भी बनाए जाएंगे। नगर निकायों को निर्देश दिया गया है कि छोटे लक्ष्य वाले काम अक्टूबर 2026 तक और बड़े प्रोजेक्ट्स दिसंबर 2028 तक पूरे कर लिए जाएं।

बिहार सरकार नोएडा और गुरुग्राम की तर्ज पर 11 नए सैटेलाइट टाउनशिप बसाने की तैयारी कर रही है। ये टाउनशिप 800 से 1200 एकड़ में फैली होंगी और यहाँ विश्वस्तरीय सुविधाएं होंगी। इन शहरों के लिए जमीन देने वाले किसानों को 30 दिनों के भीतर भुगतान किया जाएगा और जबरन जमीन अधिग्रहण नहीं होगा। जमीन अधिग्रहण से पहले सामाजिक प्रभाव सर्वे (Social Impact Assessment) किया जाएगा ताकि प्रभावित परिवारों की जरूरतों का पता चल सके।

इन 11 शहरों को दो समूहों में बांटा गया है। पहले समूह में पटना, सोनपुर, गया जी, दरभंगा, पूर्णिया, सहरसा और मुंगेर शामिल हैं, जिनका मास्टर प्लान 31 मार्च 2027 तक अधिसूचित होगा। दूसरे समूह में सीतामढ़ी, छपरा, मुजफ्फरपुर और भागलपुर हैं, जिनके लिए 30 जून 2027 तक का समय तय किया गया है। जब तक मास्टर प्लान तैयार नहीं हो जाता, तब तक इन क्षेत्रों में जमीन की खरीद-बिक्री और निर्माण कार्य पर पूरी तरह रोक रहेगी।

वहीं आवासविहीन परिवारों के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत 45 शहरी निकायों में पक्के मकान बनाने के लिए 233.05 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। यह राशि वित्तीय वर्ष 2026-27 की पहली किस्त के रूप में दी जाएगी। इसमें सीतामढ़ी नगर निगम को सबसे ज्यादा 20.63 करोड़ रुपये मिले हैं। यह पूरा पैसा SNA SPARSH सिस्टम के जरिए सीधे निकायों को भेजा जाएगा ताकि लाभार्थियों को समय पर घर मिल सकें।