Bihar की 15 साल की अक्षरा गुप्ता ने रचा इतिहास, U-19 टूर्नामेंट में जड़ा नाबाद तिहरा शतक

Bihar: बिहार की 15 साल की बेटी अक्षरा गुप्ता ने क्रिकेट के मैदान पर कमाल कर दिया है। उन्होंने बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (BCA) के विमेंस U-19 वन-डे ट्रॉफी टूर्नामेंट में नाबाद 306 रन बनाकर सबको हैरान कर दिया। पूर्वी चंपारण क

Bihar: बिहार की 15 साल की बेटी अक्षरा गुप्ता ने क्रिकेट के मैदान पर कमाल कर दिया है। उन्होंने बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (BCA) के विमेंस U-19 वन-डे ट्रॉफी टूर्नामेंट में नाबाद 306 रन बनाकर सबको हैरान कर दिया। पूर्वी चंपारण के रक्सौल की रहने वाली अक्षरा बिहार की U-19 टीम की कप्तान भी हैं।

यह ऐतिहासिक पारी भागलपुर के सैंडिस कंपाउंड ग्राउंड पर खेली गई। अक्षरा ने महज 126 गेंदों में 306 रन बनाए और वह पूरे मैच में नाबाद रहीं। उन्होंने अपनी इस पारी में 55 चौके और 8 छक्के लगाए। उनकी बल्लेबाजी की रफ्तार इतनी तेज थी कि उन्होंने सिर्फ 16 गेंदों में अपना अर्धशतक और 34 गेंदों में शतक पूरा कर लिया। वह करीब 233 मिनट तक क्रीज पर टिकी रहीं और उनका स्ट्राइक रेट 242.86 रहा।

बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष हर्षवर्धन और सचिव ज़ियाउल आरफ़िन ने अक्षरा की इस उपलब्धि पर उन्हें बधाई दी है। हर्षवर्धन ने कहा कि बिहार की महिला क्रिकेटर राज्य का नाम रोशन कर रही हैं और BCA खिलाड़ियों के लिए और मौके बढ़ाने में जुटा है। वहीं ज़ियाउल आरफ़िन ने इसे बिहार क्रिकेट के भविष्य के लिए एक अच्छा संकेत बताया है।

अक्षरा गुप्ता बिहार की पहली ऐसी खिलाड़ी बन गई हैं जिन्होंने एक ही सीजन में BCCI के चारों आयु वर्ग फॉर्मेट (U-15, U-19 T20, U-19 ODI और U-23 ODI) में हिस्सा लिया है। वह राज्य स्तर के संगठित क्रिकेट में नाबाद तिहरा शतक लगाने वाली सबसे कम उम्र की खिलाड़ी भी बन गई हैं। क्रिकेट कोच और अधिकारियों ने इसे बिहार महिला क्रिकेट के इतिहास की सबसे बड़ी पारियों में से एक माना है।