Bihar के तुरकौलिया में अतिक्रमण हटाने के दौरान हाई वोल्टेज ड्रामा, छत पर चढ़कर युवक ने दी आत्मदाह की धमकी

Bihar/Turkaulia: जिले के तुरकौलिया चौक के पास लोक निर्माण विभाग (PWD) की जमीन को खाली कराने के लिए प्रशासन ने बड़ा अभियान चलाया है। इस कार्रवाई के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक युवक अपने घर की छत पर चढ़ गया और पेट्र

Bihar/Turkaulia: जिले के तुरकौलिया चौक के पास लोक निर्माण विभाग (PWD) की जमीन को खाली कराने के लिए प्रशासन ने बड़ा अभियान चलाया है। इस कार्रवाई के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक युवक अपने घर की छत पर चढ़ गया और पेट्रोल छिड़ककर खुद को आग लगाने की धमकी देने लगा। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद युवक को समझा-बुझाकर सुरक्षित नीचे उतारा, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

यह पूरा मामला हाई कोर्ट के आदेश के बाद सामने आया है। PWD की करीब 50 साल पुरानी जमीन पर 18 लोगों ने अवैध कब्जा कर रखा था, जिसके खिलाफ 2023 में प्राथमिकी भी दर्ज की गई थी। प्रशासन ने 24 जून को ही लाल निशान लगाकर अतिक्रमण हटाने का अल्टीमेटम दे दिया था। शनिवार 27 जून को जब CO संतोष कुमार पुलिस बल और JCB मशीन के साथ मौके पर पहुंचे, तो कार्रवाई शुरू होते ही 32 वर्षीय ए. आलम (ग्रामीण चिकित्सक डी. आलम) छत पर चढ़ गया और मुआवजे की मांग करने लगा।

प्रशासन की इस कार्रवाई में अब तक आधा दर्जन घर और दुकानें तोड़ी जा चुकी हैं। CO संतोष कुमार ने साफ कर दिया है कि सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण के लिए किसी भी तरह के मुआवजे का कोई प्रावधान नहीं है। इतना ही नहीं, अतिक्रमण हटाने में जो भी सरकारी खर्च आएगा, उसकी वसूली अतिक्रमणकारियों से ही की जाएगी। सदर SDO निशांत सिहारा ने चेतावनी दी है कि कोर्ट के आदेश का पालन करना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसमें बाधा डालने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई होगी।

जानकारी के मुताबिक, यह अभियान तीन दिनों तक चलने वाला है और 30 जून व 1 जुलाई को भी बुलडोजर की कार्रवाई जारी रहेगी। हालांकि, बीच में बारिश की वजह से काम कुछ समय के लिए रुका था, लेकिन अब प्रशासन इसे पूरी तरह पूरा करने में जुटा है। डर के मारे कुछ अतिक्रमणकारियों ने अपने अवैध निर्माण खुद ही हटाने शुरू कर दिए हैं।