Bihar में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए हेली-टूरिज्म सेवा शुरू, राजगीर बना सबसे पसंदीदा स्थल
Bihar: बिहार में पर्यटन को एक नई ऊंचाई देने के लिए राज्य सरकार ने कई बड़े कदम उठाए हैं। अब राज्य में रिकॉर्ड संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं और सरकार ने आम लोगों के लिए हेली-टूरिज्म जैसी आधुनिक सुविधाएं शुरू की हैं। पर्य
Bihar: बिहार में पर्यटन को एक नई ऊंचाई देने के लिए राज्य सरकार ने कई बड़े कदम उठाए हैं। अब राज्य में रिकॉर्ड संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं और सरकार ने आम लोगों के लिए हेली-टूरिज्म जैसी आधुनिक सुविधाएं शुरू की हैं। पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने बताया कि बिहार को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक खास पर्यटन केंद्र बनाने के लिए तेजी से निवेश किया जा रहा है।
पर्यटन के आंकड़ों की बात करें तो साल 2025 में बिहार में 6.62 करोड़ से ज्यादा पर्यटक आए थे। वहीं 2026 में मई तक ही यह संख्या 3.42 करोड़ के पार पहुंच गई है। इसमें राजगीर सबसे आगे रहा है, जहां जनवरी से मई 2026 के बीच 1.09 करोड़ से अधिक पर्यटक पहुंचे। पर्यटन को और आसान बनाने के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 13 जुलाई 2026 को ‘मुख्यमंत्री बिहार हेली-टूरिज्म एवं एयर टूरिज्म सेवा योजना-2026’ शुरू की है।
इस नई योजना के तहत पटना से राजगीर, वाल्मीकिनगर और कैमूर के लिए सब्सिडी वाली हेलीकॉप्टर सेवा शुरू की गई है। सरकार इसमें प्रति टिकट अधिकतम 15,422 रुपये तक की सब्सिडी देगी। पटना दर्शन के लिए 10 मिनट की हवाई यात्रा का किराया 2100 रुपये तय किया गया है। नियमित उड़ानें हर शनिवार और रविवार को चलेंगी। इसके अलावा सरकार ने ‘मुख्यमंत्री होमस्टे प्रोत्साहन योजना-2026’ और ‘सिंधु दर्शन तीर्थ यात्रा वित्तीय सहायता योजना-2026’ को भी मंजूरी दी है।
पर्यटन विभाग के निदेशक उदयन मिश्रा ने कहा कि सरकार का मकसद सिर्फ जगहों का विकास करना नहीं है, बल्कि इससे युवाओं, महिलाओं और स्थानीय उद्यमियों के लिए रोजगार के मौके पैदा करना है। इसके लिए बिहार कैबिनेट ने जून 2026 में शहरी और पर्यटन विकास के लिए 1.05 लाख करोड़ रुपये की योजनाओं को मंजूरी दी, जिसमें पर्यटन क्षेत्र के लिए अलग से 5,000 करोड़ रुपये रखे गए हैं।
राज्य सरकार अब डैम पर्यटन पर भी जोर दे रही है। इसके तहत 29 बड़े डैम और 247 तालाबों को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा, जिसके लिए निजी निवेशकों को बुलाया गया है। साथ ही पुनौराधाम, सोनपुर के बाबा हरिहरनाथ मंदिर, पटना साहिब और वाल्मीकिनगर जैसे प्रमुख स्थलों पर काम तेजी से चल रहा है। श्रावणी मेला 2026 के लिए भागलपुर, बांका और मुंगेर में टेंट सिटी और स्वास्थ्य सेवाओं की तैयारी की जा रही है।