Bihar में रील्स बनाइए और जीतिए 3 लाख रुपये, पर्यटन विभाग ने इन्फ्लुएंसर्स के लिए शुरू की प्रतियोगिता

Bihar: बिहार पर्यटन विभाग ने श्रावणी मेला 2026 के प्रचार-प्रसार के लिए एक खास वीडियो प्रतियोगिता शुरू की है। इस प्रतियोगिता का नाम ‘श्रावणी मेला 2026: एक इन्फ्लुएंसर की नजर से’ रखा गया है। इसमें हिस्सा लेने व

Bihar: बिहार पर्यटन विभाग ने श्रावणी मेला 2026 के प्रचार-प्रसार के लिए एक खास वीडियो प्रतियोगिता शुरू की है। इस प्रतियोगिता का नाम ‘श्रावणी मेला 2026: एक इन्फ्लुएंसर की नजर से’ रखा गया है। इसमें हिस्सा लेने वाले क्रिएटर्स को शानदार नकद इनाम जीतने का मौका मिलेगा।

इस प्रतियोगिता में वे भारतीय नागरिक भाग ले सकते हैं जिनकी उम्र 18 साल या उससे ज्यादा है। शर्त यह है कि फेसबुक, इंस्टाग्राम, एक्स (ट्विटर) और यूट्यूब पर उनके कुल मिलाकर कम से कम 25,000 फॉलोअर्स होने चाहिए। प्रतिभागियों को मुंगेर, बांका और भागलपुर जिलों के कांवरिया पथ पर 30 सेकंड से 2 मिनट तक के रील्स या शॉर्ट वीडियो बनाने होंगे। वीडियो में वहां की आस्था, संस्कृति, सेवा शिविर और प्राकृतिक सुंदरता को दिखाना होगा।

पर्यटन सचिव लोकेश कुमार सिंह ने बताया कि इस पहल से मेले के आध्यात्मिक महत्व को ऑनलाइन दुनिया तक पहुंचाया जा सकेगा। पर्यटन मंत्री केदार गुप्ता के अनुसार श्रावणी मेला 30 जुलाई से 28 अगस्त 2026 तक चलेगा। वीडियो एचडी क्वालिटी में होने चाहिए और उन्हें जियो-टैग करना जरूरी है। विभाग ने साफ किया है कि वीडियो में कोई लोगो, वॉटरमार्क या एआई (AI) का इस्तेमाल नहीं होना चाहिए, वरना प्रविष्टि रद्द कर दी जाएगी।

इच्छुक लोग पर्यटन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट tourism.bihar.gov.in पर दिए गए गूगल फॉर्म के जरिए अपनी एंट्री जमा कर सकते हैं। आवेदन के साथ नाम, पता, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर और आधार या पैन कार्ड जैसे पहचान पत्र देने होंगे। वीडियो जमा करने की आखिरी तारीख 13 अगस्त 2026 तय की गई है।

पुरस्कार का स्थान इनाम की राशि
प्रथम पुरस्कार ₹3,00,000
द्वितीय पुरस्कार ₹2,00,000
तृतीय पुरस्कार ₹1,00,000
चतुर्थ पुरस्कार (दो लोगों को) ₹50,000 प्रत्येक
सांत्वना पुरस्कार (पांच लोगों को) ₹25,000 प्रत्येक

विजेताओं का फैसला जूरी के मूल्यांकन और सोशल मीडिया पर वीडियो की रीच, लाइक और शेयर के आधार पर 45 दिनों के भीतर किया जाएगा।