Bihar के तिरहुत प्रमंडल में बाढ़ का खतरा, नेपाल में भारी बारिश के बाद 6 जिलों में हाई अलर्ट

Bihar: नेपाल के तराई इलाकों में लगातार हो रही भारी बारिश ने बिहार के तिरहुत प्रमंडल में चिंता बढ़ा दी है। इस वजह से मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी, शिवहर, पूर्वी चंपारण और पश्चिम चंपारण जिलों में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा ह

Bihar: नेपाल के तराई इलाकों में लगातार हो रही भारी बारिश ने बिहार के तिरहुत प्रमंडल में चिंता बढ़ा दी है। इस वजह से मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी, शिवहर, पूर्वी चंपारण और पश्चिम चंपारण जिलों में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है और हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।

तिरहुत प्रमंडल के आयुक्त गिरवर दयाल सिंह ने छह जिलों के जिलाधिकारियों के साथ एक जरूरी समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने साफ तौर पर कहा कि भले ही बिहार में सामान्य से कम बारिश हुई है, लेकिन नेपाल में हो रही वर्षा के कारण अचानक फ्लैश फ्लड यानी अचानक आने वाली बाढ़ की स्थिति बन सकती है। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिया है कि तटबंधों की 24 घंटे निगरानी रखी जाए ताकि किसी भी खतरे की समय पर जानकारी मिल सके।

प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में बचाव दलों और जरूरी संसाधनों को तैनात करने का आदेश दिया है। साथ ही राहत शिविरों को तैयार रखने को कहा गया है ताकि जरूरत पड़ने पर लोगों को तुरंत सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया जा सके। अधिकारियों का कहना है कि बाढ़ से निपटने की सभी तैयारियां पूरी हैं और हालात पर नजर रखी जा रही है।

पिछले 24 घंटों में नेपाल की बारिश का असर दिखने लगा है और तिरहुत प्रमंडल की नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। निचले इलाकों में रहने वाले ग्रामीण अब अपना सामान लेकर सुरक्षित स्थानों की ओर जाने लगे हैं। जलस्तर बढ़ने से कई जगहों पर चचरी और पीपा पुलों पर आवाजाही प्रभावित हुई है, जिससे आम लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और सरकारी निर्देशों का पालन करने की अपील की है।