Bihar की 15 साल की अक्षरा गुप्ता ने वनडे मैच में जड़ा तिहरा शतक, 126 गेंदों पर बनाए 306 रन

Bihar: बिहार की युवा क्रिकेटर्स इन दिनों देशभर में नाम कमा रही हैं। वैभव सूर्यवंशी के बाद अब 15 साल की अक्षरा गुप्ता ने मैदान पर तूफान ला दिया है। अक्षरा ने एक वनडे मैच में 306 रनों की नाबाद पारी खेलकर इतिहास रच दिया है।

Bihar: बिहार की युवा क्रिकेटर्स इन दिनों देशभर में नाम कमा रही हैं। वैभव सूर्यवंशी के बाद अब 15 साल की अक्षरा गुप्ता ने मैदान पर तूफान ला दिया है। अक्षरा ने एक वनडे मैच में 306 रनों की नाबाद पारी खेलकर इतिहास रच दिया है।

यह ऐतिहासिक पारी 18 जून 2026 को भागलपुर के सैंडिस कंपाउंड ग्राउंड में खेली गई। बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (BCA) की महिला अंडर-19 वनडे ट्रॉफी के दौरान अक्षरा गुप्ता ने सिर्फ 126 गेंदों पर 306 रन बनाए। उनकी इस पारी में 55 चौके और 8 छक्के शामिल थे। उन्होंने बहुत तेज बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 16 गेंदों में अपना अर्धशतक और 34 गेंदों में शतक पूरा कर लिया।

अक्षरा की टीम ‘ए’ ने 40 ओवरों में 450 रनों का विशाल स्कोर बनाया। इसके जवाब में विरोधी टीम ‘सी’ महज 121 रनों पर सिमट गई और अक्षरा की टीम ने 329 रनों से जीत दर्ज की। पूर्वी चंपारण के रक्सौल की रहने वाली अक्षरा अब घरेलू महिला क्रिकेट की सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारियों की लिस्ट में मुंबई की इरा गुप्ता (346 रन) के बाद दूसरे स्थान पर आ गई हैं।

बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष हर्षवर्धन और सचिव जियाउल अरफीन ने अक्षरा की इस उपलब्धि की सराहना की है। अक्षरा की पारिवारिक पृष्ठभूमि काफी साधारण है। उनके पिता राज किशोर शाह की चिकन शॉप है और मां रीना देवी गृहिणी हैं। उनके चाचा रामकृपा गुप्ता ने उनके क्रिकेट करियर को संवारने में बड़ी भूमिका निभाई है।

बिहार के लिए यह खुशी दोगुनी हो गई है क्योंकि वैभव सूर्यवंशी भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चमक रहे हैं। वैभव ने 13 साल की उम्र में IPL में कदम रखा और अब 15 साल की उम्र में सीनियर भारतीय टीम का हिस्सा बने हैं। वह जल्द ही आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में खेलेंगे।