Bihar में टीबी मुक्त अभियान के लिए मुख्य सचिव का बड़ा निर्देश, 14 अगस्त तक एक करोड़ लोगों की होगी जांच

Bihar: राज्य को टीबी मुक्त बनाने के लिए सरकार ने अब कमर कस ली है। मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने निर्देश दिया है कि ‘टीबी मुक्त बिहार’ अभियान के तहत 14 अगस्त, 2026 तक एक करोड़ लोगों की जांच का लक्ष्य युद्ध स्तर प

Bihar: राज्य को टीबी मुक्त बनाने के लिए सरकार ने अब कमर कस ली है। मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने निर्देश दिया है कि ‘टीबी मुक्त बिहार’ अभियान के तहत 14 अगस्त, 2026 तक एक करोड़ लोगों की जांच का लक्ष्य युद्ध स्तर पर पूरा किया जाए। गुरुवार, 2 जुलाई को हुई एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में उन्होंने साफ कहा कि इस काम को मिशन मोड में पूरा करना होगा।

मुख्य सचिव ने बैठक में इस बात पर चिंता जताई कि राज्य में अब तक जांच की रफ्तार काफी धीमी रही है। कुल 2.76 करोड़ लोगों की जांच का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन अब तक केवल 39 लाख लोगों की ही जांच हो पाई है, जो कि कुल लक्ष्य का करीब 14 प्रतिशत है। ज्यादातर जिलों में यह कवरेज 20 प्रतिशत से भी कम है, जिसे देखते हुए अब अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं।

इस अभियान को जमीन पर उतारने के लिए शिक्षा, ग्रामीण विकास, पंचायती राज और अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग को साथ लिया गया है। जांच के लिए RBSK की 674 मोबाइल हेल्थ टीमें, जीविका दीदियाँ और निक्षय मित्र लोगों तक पहुँचेंगे। निगरानी के लिए हर ब्लॉक में एक वरीय उप समाहर्ता या नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाएगा, जो रोज और हर हफ्ते की जांच रिपोर्ट देखेंगे।

मुख्य बिंदु विवरण
साप्ताहिक लक्ष्य 9.42 लाख जांच
आयुष्मान आरोग्य मंदिर प्रतिदिन कम से कम 10 जांच
मोबाइल हेल्थ टीमें प्रतिदिन 100 जांच अनिवार्य
जांच तकनीक Truenat और CBNet का उपयोग
निगरानी जिलाधिकारी करेंगे साप्ताहिक समीक्षा
डेटा एंट्री निक्षय पोर्टल पर दैनिक प्रविष्टि अनिवार्य

मुख्य सचिव ने निर्देश दिया कि प्राथमिक जांच के लिए आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल हो और संवेदनशील इलाकों में एक्स-रे मशीनों का ज्यादा से ज्यादा उपयोग किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि इस काम में किसी भी स्तर पर लापरवाही या सुस्ती बर्दाश्त नहीं की जाएगी।