Bihar के सुपौल में किसान ने कंधे पर उठाकर थाने पहुंचाया 5 फीट का मगरमच्छ, वीडियो वायरल
Supaul: बिहार के सुपौल जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक किसान अपने कंधे पर 5 फीट लंबा मगरमच्छ लादकर सीधे पुलिस थाने पहुँच गया। इस घटना के बाद थाने में मौजूद पुलिसकर्मी काफी चौंक गए। यह पूरा मामला बी
Supaul: बिहार के सुपौल जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक किसान अपने कंधे पर 5 फीट लंबा मगरमच्छ लादकर सीधे पुलिस थाने पहुँच गया। इस घटना के बाद थाने में मौजूद पुलिसकर्मी काफी चौंक गए। यह पूरा मामला बीमनगर थाना क्षेत्र के लालपुर वार्ड 14 का है।
किसान अमित कुमार ने बताया कि उन्होंने अपने धान के खेत में एक मगरमच्छ देखा था, जिसे देखकर इलाके के लोग काफी डर गए थे। अमित कुमार ने हिम्मत दिखाई और मगरमच्छ को पकड़कर रस्सी से बांध दिया। इसके बाद वह उसे अपने कंधे पर उठाकर बीमनगर थाने पहुँच गए। अमित ने पहले वन विभाग से संपर्क करने की कोशिश की थी, लेकिन कटैया स्थित कार्यालय बंद मिला और वहां कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था, इसलिए उन्होंने पुलिस की मदद लेने का फैसला किया।
पुलिस ने तुरंत इसकी सूचना वन विभाग की टीम को दी। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुँचकर मगरमच्छ को रेस्क्यू किया। जांच के बाद पाया गया कि मगरमच्छ पूरी तरह स्वस्थ था, जिसके बाद उसे कोसी नदी में सुरक्षित छोड़ दिया गया। वन विभाग के अधिकारियों ने अमित कुमार के साहस की तारीफ की है।
वन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि बारिश के मौसम में नदियों और नालों का जलस्तर बढ़ जाता है, जिसकी वजह से वन्यजीव अक्सर रिहायशी इलाकों और खेतों की तरफ आ जाते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि ऐसे समय में घबराएं नहीं और खुद जानवरों को पकड़ने या उन्हें नुकसान पहुँचाने की कोशिश न करें। किसी भी वन्यजीव के दिखने पर तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन या वन विभाग को सूचित करें ताकि सुरक्षित रेस्क्यू किया जा सके।