Bihar के सुल्तानगंज में हाइवा ने बाइक को रौंदा, शादी के 17 दिन बाद नवविवाहिता की मौत

Bhagalpur: सुल्तानगंज में रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार की सुबह एक तेज रफ्तार हाइवा ट्रक ने बाइक सवार दंपती को रौंद दिया, जिसमें 20 साल की नवविवाहिता रोशनी की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा सुल्तानगंज-देव

Bhagalpur: सुल्तानगंज में रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार की सुबह एक तेज रफ्तार हाइवा ट्रक ने बाइक सवार दंपती को रौंद दिया, जिसमें 20 साल की नवविवाहिता रोशनी की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा सुल्तानगंज-देवघर मुख्य मार्ग (NH-22) पर शिवनंदनपुर मदारिया पावर हाउस के पास हुआ।

जानकारी के मुताबिक रोशनी और उनके पति जुल्फिकार बांका जिले के शंभूगंज थाना क्षेत्र के चुटिया बेलारी गांव स्थित मायके से मुंगेर लौट रहे थे। दोनों की शादी इसी साल 2 जुलाई को हुई थी, लेकिन शादी के महज 17 दिन बाद ही यह हादसा हो गया। हादसे में रोशनी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति जुल्फिकार गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना के बाद सुल्तानगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष धनंजय कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे के बाद हाइवा चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है।

स्थानीय लोगों में इस घटना के बाद काफी गुस्सा और चिंता है। बताया जा रहा है कि पिछले एक महीने में सुल्तानगंज इलाके में सड़क हादसों में 10 लोगों की जान जा चुकी है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क पर ब्रेकर बनाए जाएं और बैनर-पोस्टर लगाकर लोगों को जागरूक किया जाए ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।