Bihar में छात्र प्रदर्शन के दौरान भारी हिंसा, 91 पुलिसकर्मी घायल, 2 अफसर की हालत गंभीर

Bihar: राज्य में छात्रों की गिरफ्तारी को लेकर शुरू हुआ विवाद अब हिंसक रूप ले चुका है। 25 जुलाई 2026 को छात्र संगठनों और राजनीतिक दलों के युवा विंग द्वारा बुलाए गए ‘बिहार बंद’ के दौरान जमकर बवाल हुआ। इस हिंसा

Bihar: राज्य में छात्रों की गिरफ्तारी को लेकर शुरू हुआ विवाद अब हिंसक रूप ले चुका है। 25 जुलाई 2026 को छात्र संगठनों और राजनीतिक दलों के युवा विंग द्वारा बुलाए गए ‘बिहार बंद’ के दौरान जमकर बवाल हुआ। इस हिंसा में पुलिस मुख्यालय के मुताबिक 91 पुलिसकर्मी और 13 आम नागरिक घायल हुए हैं, जिनमें कई बड़े अधिकारी भी शामिल हैं।

हिंसा की गंभीरता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि दो बीडीओ (BDO) की हालत काफी नाजुक है। सारण सदर के बीडीओ दृष्टि पाठक की एक आंख की रोशनी चली गई है और उनका इलाज IGIMS में चल रहा है। वहीं रिविलगंज के बीडीओ रितेश कुमार सिंह के सिर में गंभीर चोट आई है, जिनकी मेदांता अस्पताल में सर्जरी कराई गई। इनके अलावा सीवान और सीतामढ़ी के एसपी, दो एसडीपीओ और गांधी मैदान थाना प्रभारी भी इस हिंसा में चोटिल हुए हैं।

पुलिस मुख्यालय ने 27 जुलाई को जारी आधिकारिक बयान में बताया कि पूरे राज्य में कुल 694 लोगों को हिरासत में लिया गया था। इनमें से जांच के बाद 339 नाबालिगों और छात्रों को रिहा कर दिया गया, जबकि 355 लोगों को कोर्ट भेजा गया है। पटना से गिरफ्तार 87 छात्रों को बेउर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब 400 से ज्यादा संदिग्धों की तस्वीरों के जरिए उनकी पहचान कर रही है और 40 सोशल मीडिया अकाउंट्स पर नजर रखी जा रही है।

इस बीच सीवान में एक पुलिसकर्मी अभिषेक कुमार को AK-47 से हवाई फायरिंग करने के आरोप में सस्पेंड कर दिया गया है। वहां तीन युवकों, मो. आरिफ, आकाश कुमार और बुलेट कुमार गौड़ को गोली लगने से चोटें आई हैं। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने साफ कहा है कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा और उन्हें कड़ी सजा मिलेगी। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी पेपर लीक के मामले में दोषियों को फास्ट ट्रैक कोर्ट के जरिए सजा दिलाने का भरोसा दिया है।

कानून-व्यवस्था को संभालने के लिए बिहार पुलिस ने सभी जवानों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। दूसरी तरफ तेजस्वी यादव और शत्रुघ्न सिन्हा जैसे विपक्षी नेताओं ने पुलिस की इस कार्रवाई की आलोचना की है। एआईएसए की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा भी गिरफ्तार छात्रों से मिलने बिहार पहुंची हैं।