Bihar में छात्र आंदोलन हुआ हिंसक, 18 जिलों में पथराव और लाठीचार्ज; पुलिस की छुट्टियां रद्द

Bihar: राज्य में नीट पेपर लीक और परीक्षा प्रणाली में गड़बड़ियों को लेकर छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा है। पिछले दो दिनों से पटना, जहानाबाद, बेगूसराय और दरभंगा समेत 18 जिलों में उग्र प्रदर्शन हो रहे हैं। स्थिति इतनी बिगड़ गई

Bihar: राज्य में नीट पेपर लीक और परीक्षा प्रणाली में गड़बड़ियों को लेकर छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा है। पिछले दो दिनों से पटना, जहानाबाद, बेगूसराय और दरभंगा समेत 18 जिलों में उग्र प्रदर्शन हो रहे हैं। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि पुलिस को कई जगहों पर लाठीचार्ज करना पड़ा और जहानाबाद में हवाई फायरिंग भी करनी पड़ी। हालात को देखते हुए सरकार ने पुलिस बल की सभी छुट्टियां रद्द कर दी हैं।

24 जुलाई को जहानाबाद में प्रदर्शनकारियों ने डीएम आवास और पुलिस पर पथराव किया, जिसके बाद पुलिस ने करीब 50 राउंड हवाई फायरिंग की। इस हिंसा में नगर थाना प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मी घायल हुए। वहीं पटना में साइंस कॉलेज गेट के पास पुलिस की कार्रवाई में एक छात्र का सिर फट गया और छह लोगों को हिरासत में लिया गया। बेगूसराय में भी पथराव हुआ जिसमें सदर एसडीएम और 12 पुलिसकर्मी घायल हुए, जबकि दरभंगा में सिटी एसपी और सदर एसडीपीओ को चोटें आईं। कटिहार में कलेक्ट्रेट गेट तोड़ने की कोशिश कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज हुआ, जिसमें एक सीओ की आंख में गंभीर चोट आई है।

इससे पहले 23 जुलाई को भी मुंगेर, लखीसराय और पटना में भारी बवाल हुआ था। पटना में हिंसा में शामिल 57 उपद्रवियों को गिरफ्तार किया गया है और 3268 लोगों पर मामले दर्ज हुए हैं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर 117 संदिग्धों की तस्वीरें जारी कर छापेमारी शुरू कर दी है। इस झड़प में आईजी जितेंद्र राणा और कई मीडियाकर्मी भी घायल हुए थे।

अपर पुलिस महानिदेशक के.एस. अनुपम ने आदेश जारी कर 24 जुलाई से पुलिस की छुट्टियां रद्द कर दी हैं ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पेपर लीक के दोषियों पर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया है। दूसरी तरफ, आइसा और आरवाईए जैसे छात्र संगठनों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और एनटीए को रद्द करने की मांग की है। इन मांगों को लेकर 25 जुलाई को बिहार बंद का आह्वान किया गया है। इस बीच मंत्री रामकृपाल यादव द्वारा छात्रों को आतंकवादी और देशद्रोही कहने के बयान से विवाद और बढ़ गया है।