Bihar में नया रूप लेगा सोनपुर मेला और आमी मंदिर, पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सरकार खर्च करेगी 37 करोड़ रुपये

Bihar: बिहार सरकार राज्य के धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों को विश्वस्तरीय बनाने की तैयारी में है। इसी योजना के तहत एशिया के प्रसिद्ध सोनपुर मेला स्थल और सारण जिले के आमी स्थित अंबिका भवानी मंदिर को बड़े स्तर पर विकसित किया

Bihar: बिहार सरकार राज्य के धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों को विश्वस्तरीय बनाने की तैयारी में है। इसी योजना के तहत एशिया के प्रसिद्ध सोनपुर मेला स्थल और सारण जिले के आमी स्थित अंबिका भवानी मंदिर को बड़े स्तर पर विकसित किया जाएगा। इसके लिए बिहार सरकार ने 37 करोड़ रुपये से ज्यादा का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा है।

यह पूरा काम स्वदेश दर्शन योजना 2.0 के तहत किया जाएगा। सरकार का मुख्य मकसद इन जगहों को आधुनिक बनाना है ताकि ज्यादा से ज्यादा पर्यटक बिहार आएं और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए मौके पैदा हों। इससे लोगों को काम की तलाश में राज्य से बाहर नहीं जाना पड़ेगा।

सोनपुर मेला स्थल के विकास के लिए 24.29 करोड़ रुपये की योजना बनाई गई है। इसमें एक भव्य प्रवेश द्वार बनाया जाएगा और सड़कों को चौड़ा किया जाएगा। साथ ही डिजिटल सुविधाओं, हरित ऊर्जा, बेहतर पार्किंग, शौचालय और रोशनी का इंतजाम होगा। इससे मेला क्षेत्र आधुनिक बनेगा और साल भर पर्यटकों का आना-जाना बना रहेगा।

वहीं, सारण के आमी अंबिका भवानी मंदिर के लिए करीब 13.19 करोड़ से 13.29 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है। यह मंदिर देवी सती का प्रसिद्ध शक्तिपीठ है। यहाँ मंदिर परिसर का सौंदर्यीकरण होगा और नदी तट का विकास किया जाएगा। पर्यटकों के लिए गेस्ट हाउस, वॉकवे और लाइटिंग जैसी बुनियादी सुविधाएं तैयार की जाएंगी।

पर्यटन विभाग वर्तमान में 33 बड़ी योजनाओं पर काम कर रहा है। इसमें पुनौराधाम और महाबोधि मंदिर के साथ-साथ गयाजी में 165.44 करोड़ की लागत से बौद्ध मेडिटेशन सेंटर बनाया जा रहा है। इसके अलावा सहर्षा में मत्स्यगंधा झील और करमचट इको सेंटर का काम भी तेजी से चल रहा है। राजगीर, वैशाली और पटना में पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मोड पर पांच फाइव स्टार होटल भी बनाए जा रहे हैं।