Bihar के Siwan में छात्र आंदोलन के दौरान AK-47 चलाने वाला सिपाही सस्पेंड, 3 छात्र घायल
Siwan: बिहार के सीवान जिले में नीट पेपर लीक और पुलिस कार्रवाई के विरोध में हो रहे छात्र आंदोलन के दौरान AK-47 से फायरिंग करने वाले एक पुलिसकर्मी को निलंबित कर दिया गया है। SIT में तैनात सिपाही अभिषेक पटेल का फायरिंग करते
Siwan: बिहार के सीवान जिले में नीट पेपर लीक और पुलिस कार्रवाई के विरोध में हो रहे छात्र आंदोलन के दौरान AK-47 से फायरिंग करने वाले एक पुलिसकर्मी को निलंबित कर दिया गया है। SIT में तैनात सिपाही अभिषेक पटेल का फायरिंग करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यह कार्रवाई की गई है। सीवान के पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने अभिषेक पटेल को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है।
यह पूरी घटना 25 जुलाई 2026 को ‘बिहार बंद’ के दौरान हुई थी जब छात्र प्रदर्शन कर रहे थे और मामला हिंसक हो गया था। इस फायरिंग की वजह से तीन प्रदर्शनकारी छात्र घायल हुए हैं जिनका इलाज चल रहा है। वहीं पथराव के दौरान एसपी पूरन कुमार झा, एसडीपीओ अजय कुमार सिंह और एक नगर थाना अधिकारी समेत करीब आधा दर्जन पुलिसकर्मी और एक दर्जन आम लोग भी घायल हुए थे।
पुलिस प्रशासन ने बताया कि भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े गए थे। पुलिस का दावा है कि प्रदर्शनकारियों द्वारा किए गए पथराव और फायरिंग के जवाब में तथा सरकारी संपत्तियों को बचाने के लिए आत्मरक्षा में हवाई फायरिंग करनी पड़ी। फिलहाल सिपाही अभिषेक पटेल के खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी गई है और अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका की भी जांच हो रही है।
इस हिंसा को लेकर बिहार के कई जिलों में कार्रवाई की जा रही है। पटना, सारण, सीवान, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी और किशनगंज समेत अलग-अलग जिलों में कुल 21 FIR दर्ज की गई हैं। अब तक करीब 450 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें सीवान के 25 लोग शामिल हैं। पुलिस अब सीसीटीवी और ड्रोन फुटेज के जरिए अन्य आरोपियों की पहचान कर रही है।
इस घटना ने राजनीतिक मोड़ भी ले लिया है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सरकार पर आरोप लगाया कि पुलिस ने छात्रों पर सीधे AK-47 से गोलियां चलाईं और उन्होंने गिरफ्तार छात्रों की रिहाई की मांग की है। वहीं राहुल गांधी ने इसे सिस्टम की जानलेवा कार्रवाई बताया। दूसरी ओर भाजपा सांसद संबित पात्रा ने राहुल गांधी के बयानों को झूठ और गैर-जिम्मेदाराना बताते हुए उनसे माफी मांगने की मांग की है।