Bihar के शिवहर में ताजिया जुलूस के दौरान दो अखाड़ों में हिंसक झड़प, 25 लोग घायल, 46 पर FIR

Bihar/Sheohar: शिवहर शहर में गुरुवार को मुहर्रम के ताजिया चौकी जुलूस के दौरान भारी तनाव फैल गया। शहर के गांधी चौक और थाना रोड पर दो अखाड़ों के बीच हुई हिंसक झड़प में करीब 25 लोग घायल हो गए। इस घटना के बाद पूरे इलाके में

Bihar/Sheohar: शिवहर शहर में गुरुवार को मुहर्रम के ताजिया चौकी जुलूस के दौरान भारी तनाव फैल गया। शहर के गांधी चौक और थाना रोड पर दो अखाड़ों के बीच हुई हिंसक झड़प में करीब 25 लोग घायल हो गए। इस घटना के बाद पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई और पुलिस को स्थिति संभालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।

जानकारी के मुताबिक, विवाद वार्ड सात के इस्लामिया अखाड़ा और वार्ड नौ के मंसूर ए अखाड़ा के बीच हुआ। शुरुआत में थाना रोड पर जुलूस को रास्ता देने को लेकर दोनों पक्षों में बहस हुई थी। हालांकि स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था, लेकिन कुछ समय बाद गांधी चौक के पास दोनों समूह फिर आमने-सामने आ गए। इस दौरान लाठी-डंडे चले और सड़क किनारे पड़े पत्थर व ईंटें फेंकी गईं। मारपीट इतनी गंभीर थी कि कई लोगों के कपड़े फट गए और करीब 10 लोग गंभीर रूप से जख्मी हुए, जबकि 15 अन्य को मामूली चोटें आईं। सभी घायलों का इलाज अलग-अलग अस्पतालों में चल रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही SDPO अनुशील कुमार, प्रभारी नगर थानाध्यक्ष रवींद्र पाल और BDO मो. राहिल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। SP शैलेंद्र सिंह ने बताया कि इस मामले में दंडाधिकारी के आवेदन पर नगर थाने में 46 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अब वीडियो फुटेज के जरिए अन्य आरोपियों की पहचान कर रही है। SP ने साफ किया है कि सामाजिक शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

विवाद को लेकर दोनों पक्षों के दावों में अंतर है। इस्लामिया अखाड़ा के पूर्व अध्यक्ष मो. शमीम राज का आरोप है कि मंसूर ए अखाड़ा के लोगों ने पहले हमला किया। वहीं, मंसूर ए अखाड़ा के अध्यक्ष मो. दाऊद ने इन आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि इस्लामिया अखाड़ा के लोग लाठी लहरा रहे थे, जिससे उनके पक्ष के करीब छह लोग घायल हुए। SDPO अनुशील कुमार ने बताया कि यह घटना अखाड़े की प्रैक्टिस के दौरान हुई है और मामले की पूरी जांच की जा रही है।