Bihar में 27 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथ धराए थानाध्यक्ष, निगरानी ब्यूरो की बड़ी कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप
Bihar/Patna: पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल में तैनात एक थानाध्यक्ष को निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। सम्यागढ़ थाना प्रभारी सौरभ कुमार को 27 हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया, जिससे पुलिस विभ
Bihar/Patna: पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल में तैनात एक थानाध्यक्ष को निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। सम्यागढ़ थाना प्रभारी सौरभ कुमार को 27 हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया, जिससे पुलिस विभाग में काफी खलबली मची हुई है।
यह पूरा मामला तब शुरू हुआ जब प्रहलादपुर निवासी मनोज कुमार ने 26 जून 2026 को निगरानी ब्यूरो में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप था कि थानाध्यक्ष सौरभ कुमार इलाके में JCB मशीन चलाने के बदले उनसे हर हफ्ते हफ्ता मांग रहे थे। ब्यूरो ने इस शिकायत की गोपनीय जांच की और आरोपों को सही पाया, जिसके बाद 17 जुलाई 2026 को केस नंबर 085/26 दर्ज किया गया।
सीनियर DSP अरुणोदय पांडे की देखरेख में एक स्पेशल ट्रैप टीम बनाई गई थी। सोमवार, 20 जुलाई 2026 को जैसे ही थानाध्यक्ष ने सम्यागढ़ थाना परिसर के अंदर रिश्वत की रकम ली, टीम ने उन्हें रंगे हाथ दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी अधिकारी से पूछताछ की जा रही है और उन्हें पटना की स्पेशल विजिलेंस कोर्ट में पेश किया जाएगा।
निगरानी ब्यूरो के मुताबिक, बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। साल 2026 में अब तक भ्रष्टाचार से जुड़ी 85 FIR दर्ज की जा चुकी हैं, जिनमें 79 ट्रैप केस शामिल हैं। इस साल अब तक 79 लोगों को रंगे हाथ पकड़ा गया है और कुल 29.14 लाख रुपये की रिश्वत राशि बरामद की गई है। अधिकारियों ने साफ कहा है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी और पद का गलत इस्तेमाल करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।