Bihar में निर्माणाधीन गंगा महासेतु का स्लैब गिरा, 6 मजदूर घायल, 5 PMCH रेफर
Samastipur: बिहार के समस्तीपुर जिले में बख्तियारपुर-ताजपुर गंगा महासेतु का एक स्लैब शनिवार को अचानक टूटकर गंगा नदी में गिर गया। इस हादसे में निर्माण कार्य में जुटे 6 मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफर
Samastipur: बिहार के समस्तीपुर जिले में बख्तियारपुर-ताजपुर गंगा महासेतु का एक स्लैब शनिवार को अचानक टूटकर गंगा नदी में गिर गया। इस हादसे में निर्माण कार्य में जुटे 6 मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और तुरंत बचाव कार्य शुरू किया गया।
यह हादसा पुल के पिलर नंबर 58 के पास हुआ। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, स्लैब लगाने के दौरान क्रेन की चेन टूट गई, जिससे भारी-भरकम स्लैब सीधे नदी में जा गिरा। घायल मजदूरों में मोहम्मद नवाब शेख, जो पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद के रहने वाले हैं, का इलाज पटोरी के अनुमंडलीय अस्पताल में चल रहा है। वहीं, अन्य 5 घायल मजदूरों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना के PMCH रेफर कर दिया गया है। डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, जिला प्रशासन और निर्माण एजेंसी की टीम मौके पर पहुंची। पटवारी DSP वीरेंद्र कुमार मेहवी ने बताया कि दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाने के लिए तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है। यह पुल मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का ड्रीम प्रोजेक्ट माना जाता है, जिसे उत्तर और दक्षिण बिहार को जोड़ने के लिए बनाया जा रहा है। इस पूरे प्रोजेक्ट की अनुमानित लागत करीब 1603 करोड़ रुपये है, जिसमें 5.575 किलोमीटर लंबा पुल और करीब 45 किलोमीटर की एप्रोच रोड शामिल है।
बिहार में पुलों के गिरने की घटनाओं ने एक बार फिर निर्माण की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। गौरतलब है कि सितंबर 2024 में भी इसी पुल का एक स्पैन गिरा था, जिसे प्रोजेक्ट मैनेजर ने खराबी के कारण जानबूझकर हटाया हुआ बताया था।