Bihar के सहरसा में गेस्ट हाउस के अंदर चल रहा था सेक्स रैकेट, पुलिस ने 1 महिला और 6 पुरुषों को पकड़ा
सहरसा: बिहार के सहरसा जिले में पुलिस ने एक गेस्ट हाउस में चल रहे देह व्यापार के बड़े रैकेट का भंडाफोड़ किया है। रिफ्यूजी कॉलोनी चौक स्थित जगदंबा गेस्ट हाउस, जिसे मेहमानजी गेस्ट हाउस के नाम से भी जाना जाता है, वहां पुलिस
सहरसा: बिहार के सहरसा जिले में पुलिस ने एक गेस्ट हाउस में चल रहे देह व्यापार के बड़े रैकेट का भंडाफोड़ किया है। रिफ्यूजी कॉलोनी चौक स्थित जगदंबा गेस्ट हाउस, जिसे मेहमानजी गेस्ट हाउस के नाम से भी जाना जाता है, वहां पुलिस ने छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान मौके से एक महिला और छह पुरुषों को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि इस गेस्ट हाउस के अंदर अनैतिक काम चल रहा है। सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ आलोक कुमार, हेडक्वार्टर डीएसपी कमलेश्वरी प्रसाद सिंह और सदर थाना अध्यक्ष अजय पासवान समेत एसटीएफ के जवानों ने वहां धावा बोल दिया। छापेमारी के दौरान कमरों से काफी आपत्तिजनक सामग्री मिली, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत उन कमरों को सील कर दिया।
जांच में पता चला है कि इस गेस्ट हाउस का संचालन सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक किया जा रहा था। यहां लड़कियों और महिलाओं को बुलाकर ग्राहकों से मोटी रकम वसूली जाती थी। पुलिस के मुताबिक, इस गेस्ट हाउस को कहरा निवासी भगवान झा ने किराए पर ले रखा था। हिरासत में ली गई महिला की उम्र करीब 40 साल बताई जा रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से सबूत जुटाए हैं। सदर एसडीपीओ आलोक कुमार ने बताया कि पुलिस अब हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि इस पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और गेस्ट हाउस संचालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।