Bihar RE-NEET पेपर लीक मामला, PMCH का MBBS छात्र निलंबित, लखीसराय से 30 आरोपी गिरफ्तार
Bihar: बिहार में री-नीट (RE-NEET) परीक्षा में फर्जीवाड़े को लेकर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। इस मामले में पटना मेडिकल कॉलेज और हॉस्पिटल (PMCH) के एक छात्र को निलंबित कर दिया गया है और उसका हॉस्टल का कमरा भी रद्द कर द
Bihar: बिहार में री-नीट (RE-NEET) परीक्षा में फर्जीवाड़े को लेकर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। इस मामले में पटना मेडिकल कॉलेज और हॉस्पिटल (PMCH) के एक छात्र को निलंबित कर दिया गया है और उसका हॉस्टल का कमरा भी रद्द कर दिया गया है। लखीसराय के परीक्षा केंद्रों पर छापेमारी के दौरान पुलिस ने मेडिकल छात्रों और बायोमेट्रिक स्टाफ समेत कुल 30 लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि लखीसराय के हसनपुर हाई स्कूल, केआरके हाई स्कूल और केंद्रीय विद्यालय जैसे केंद्रों पर यह खेल चल रहा था। PMCH के तीसरे वर्ष के छात्र मयंक कश्यप को बायोमेट्रिक कंपनी का कर्मचारी बनकर परीक्षा केंद्र में घुसने के आरोप में पकड़ा गया। वहीं, एक अन्य छात्र अश्विनी कुमार पर आरोप है कि उसने प्रति उम्मीदवार 60 लाख रुपये की मांग की थी, जिसमें से 25 लाख रुपये उसके अपने हिस्से थे।
इस पूरे नेटवर्क का मास्टरमाइंड गया के ANMMC कॉलेज का छात्र अर्पित राज बताया जा रहा है, जिसे पहले भी CBI ने पूछताछ के लिए बुलाया था। इसके अलावा रवि शंकर उर्फ सम्राट नाम का एक छात्र फिलहाल फरार है। आरोप है कि उसने अपनी पत्नी के लिए दिल्ली की एक महिला MBBS छात्रा को सॉल्वर के तौर पर बैठाने की योजना बनाई थी।
बिहार पुलिस की इकोनॉमिक ऑफेंस यूनिट (EOU) ने अब लखीसराय से पकड़े गए सभी 30 आरोपियों को 72 घंटे के रिमांड पर पटना लाया है। पूछताछ में यह बात सामने आई है कि सॉल्वर गैंग उम्मीदवारों से 10 से 12 लाख रुपये ले रहा था, जिसमें 1 से 2 लाख रुपये एडवांस लिए जाते थे। इस फर्जीवाड़े में बिहार के अलावा दिल्ली, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश और ओडिशा के मेडिकल कॉलेजों के छात्र शामिल थे।
दूसरी ओर, नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने इन आरोपों को खारिज किया है। NTA का कहना है कि परीक्षा पूरी सुरक्षा के साथ कराई गई और पेपर लीक का कोई सबूत नहीं मिला है। एजेंसी ने सोशल मीडिया पर वायरल पेपर लीक के वीडियो को भी फर्जी बताया है। फिलहाल लखीसराय के कीऊल और कवैया थाने में इस मामले को लेकर दो अलग-अलग FIR दर्ज की गई हैं।