Bihar के राजगीर में पहली बार होंगे रणजी मैच, घरेलू सत्र के 8 मैचों की मेजबानी करेगा राज्य

Bihar: बिहार के क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक बड़ी खबर है। राज्य को घरेलू सत्र के आठ मैचों की मेजबानी मिली है, जिनमें से सात मैच राजगीर में खेले जाएंगे। पटना के मोइन-उल-हक स्टेडियम में मरम्मत का काम चल रहा है, इसलिए बिहार

Bihar: बिहार के क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक बड़ी खबर है। राज्य को घरेलू सत्र के आठ मैचों की मेजबानी मिली है, जिनमें से सात मैच राजगीर में खेले जाएंगे। पटना के मोइन-उल-हक स्टेडियम में मरम्मत का काम चल रहा है, इसलिए बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (BCA) ने इन मैचों को राजगीर में कराने के लिए राज्य सरकार से अनुरोध किया है।

अगर सरकार की मंजूरी मिलती है, तो राजगीर क्रिकेट स्टेडियम में पहली बार रणजी ट्रॉफी के मुकाबले देखने को मिलेंगे। बिहार की टीम अपने घरेलू मैदान पर तीन अहम मैच खेलेगी। पहला मैच 11 से 14 अक्टूबर के बीच उत्तर प्रदेश के खिलाफ होगा। इसके बाद जनवरी 2027 में 17 से 20 तारीख तक मौजूदा चैंपियन जम्मू-कश्मीर और 24 से 27 जनवरी तक पूर्व चैंपियन विदर्भ के साथ मुकाबला होगा।

सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं की कमी के कारण इन मैचों के दौरान दर्शकों को स्टेडियम के अंदर आने की अनुमति नहीं मिल सकती है। राजगीर इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम को करीब 750 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया है, जिसकी क्षमता 40,000 दर्शकों की है। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इस स्टेडियम का पूरा काम 31 दिसंबर 2026 तक हर हाल में पूरा कर लिया जाए।

सितंबर 2025 में बिहार सरकार ने राजगीर स्टेट स्पोर्ट्स एकेडमी और इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम का मैनेजमेंट BCA को सौंपने की मंजूरी दे दी थी, जिससे यहां नेशनल और इंटरनेशनल मैच कराना आसान हो गया है। दूसरी ओर, पटना के मोइन-उल-हक स्टेडियम के नवीनीकरण के लिए 400 करोड़ रुपये का बजट तय किया गया है। इस स्टेडियम का काम अप्रैल 2025 में शुरू हुआ था और इसके 2027 तक पूरा होने की उम्मीद है।