Bihar में रेडियो ऑपरेटर भर्ती के नाम पर करोड़ों की ठगी, जांच EOU को सौंपने की तैयारी; 15 गिरफ्तार

Bihar: बिहार पुलिस में रेडियो ऑपरेटर के पदों पर भर्ती के नाम पर अभ्यर्थियों से करोड़ों रुपये ठगने का बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस अब इस पूरे मामले की जांच आर्थिक अपराध इकाई (EOU) को सौंपने की तैयारी कर रही है। अब तक इस

Bihar: बिहार पुलिस में रेडियो ऑपरेटर के पदों पर भर्ती के नाम पर अभ्यर्थियों से करोड़ों रुपये ठगने का बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस अब इस पूरे मामले की जांच आर्थिक अपराध इकाई (EOU) को सौंपने की तैयारी कर रही है। अब तक इस गिरोह के 15 सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है और पुलिस एक बड़े नेटवर्क की तलाश में जुटी है।

खगड़िया के पुलिस अधीक्षक भानु प्रताप सिंह ने बताया कि जिला आसूचना इकाई (DIU) से धांधली की खबर मिलने के बाद एक विशेष टीम बनाई गई थी। इस टीम का नेतृत्व सदर एसडीपीओ-1 मुकुल कुमार रंजन और साइबर डीएसपी निशांत गौरव कर रहे थे। जांच में पता चला है कि यह गिरोह नौकरी दिलाने के नाम पर उम्मीदवारों से 5 से 6 लाख रुपये वसूलता था। पैसों के लेनदेन को पक्का करने के लिए आरोपियों ने अभ्यर्थियों से ब्लैंक चेक भी लिए थे।

पुलिस ने साफ किया है कि यह मामला पेपर लीक का नहीं है, बल्कि सीधे तौर पर नौकरी का लालच देकर की गई ठगी का है। खगड़िया थाना में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की अलग-अलग धाराओं के तहत कांड संख्या 126/26 दर्ज किया गया है। गिरफ्तार लोगों में सॉल्वर गैंग के सदस्य, कुछ परीक्षार्थी, एक सरकारी शिक्षक और संत जेवियर स्कूल, खगड़िया के परीक्षा केंद्र अधीक्षक ब्रजेश कुमार भी शामिल हैं।

यह पूरा नेटवर्क केवल एक शहर तक सीमित नहीं था, बल्कि भोजपुर, खगड़िया, वैशाली, नवादा और अरवल जैसे जिलों तक फैला हुआ था। बता दें कि रेडियो ऑपरेटर के 993 पदों के लिए राज्य के 38 जिलों में 544 केंद्रों पर परीक्षा हुई थी, जिसमें करीब 2.83 लाख उम्मीदवारों ने हिस्सा लिया था।

दूसरी तरफ, EOU ने आने वाली बड़ी परीक्षाओं में गड़बड़ी रोकने के लिए एक स्पेशल सेल बनाया है। इसमें NEET UG 2026 की दोबारा होने वाली परीक्षा और आने वाली कांस्टेबल भर्ती परीक्षाओं की निगरानी की जाएगी।