Bihar में मानव तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, राजस्थान ले जाई जा रही महिला मुक्त, 5 गिरफ्तार

पूर्वी चंपारण: बिहार के पूर्वी चंपारण जिले की पीपराकोठी थाना पुलिस ने मानव तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने राजस्थान ले जाई जा रही एक महिला को सुरक्षित बचा लिया है। इस मामले में पुलिस ने तस्करी गिरोह के प

पूर्वी चंपारण: बिहार के पूर्वी चंपारण जिले की पीपराकोठी थाना पुलिस ने मानव तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने राजस्थान ले जाई जा रही एक महिला को सुरक्षित बचा लिया है। इस मामले में पुलिस ने तस्करी गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनमें तीन महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोगों द्वारा एक महिला को बहला-फुसलाकर राजस्थान ले जाया जा रहा है। कार्रवाई के दौरान बचाई गई महिला की पहचान संजू देवी के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, महिला ने अपने पति को एक सड़क हादसे में खो दिया था और उसके दो छोटे बच्चे हैं। इसी लाचारी का फायदा उठाकर आरोपियों ने उसे 10,000 रुपये का लालच दिया और कथित तौर पर नशीला पदार्थ भी दिया था।

गिरफ्तार किए गए पुरुषों में राजस्थान के झुंझुनू जिले के रहने वाले मुरली मेघवाल और अजय कुमार शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे गरीब और असहाय महिलाओं को शादी का झांसा देते थे और फिर उन्हें राजस्थान समेत देश के अन्य राज्यों में बेचने का अवैध धंधा करते थे।

पुलिस ने सभी पांच आरोपियों के खिलाफ मानव तस्करी की सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जांच कर रही है ताकि इस नेटवर्क के बाकी सदस्यों का भी पता लगाया जा सके।