Bihar में सिपाही भर्ती परीक्षा के दौरान नकल का भंडाफोड़, ब्लूटूथ और वॉकी-टॉकी के साथ 12 लोग गिरफ्तार

Bihar: बिहार पुलिस दूरसंचार में सिपाही (ऑपरेटर) के पदों के लिए आयोजित लिखित परीक्षा में बड़े पैमाने पर नकल की कोशिश पकड़ी गई है। 28 जून, 2026 को राज्य के अलग-अलग जिलों में छापेमारी के दौरान कुल 12 अभ्यर्थियों को गिरफ्तार

Bihar: बिहार पुलिस दूरसंचार में सिपाही (ऑपरेटर) के पदों के लिए आयोजित लिखित परीक्षा में बड़े पैमाने पर नकल की कोशिश पकड़ी गई है। 28 जून, 2026 को राज्य के अलग-अलग जिलों में छापेमारी के दौरान कुल 12 अभ्यर्थियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के पास से ब्लूटूथ और वॉकी-टॉकी जैसे आधुनिक डिजिटल उपकरण बरामद हुए हैं।

केंद्रीय चयन पर्षद (CSBC) ने बताया कि 993 पदों के लिए हुई इस परीक्षा में 17 अभ्यर्थी कदाचार में शामिल पाए गए। इसके बाद 9 जिलों में 11 प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई हैं। दरभंगा जिले में सबसे ज्यादा कार्रवाई हुई, जहां एक महिला परीक्षार्थी समेत सात लोगों को ब्लूटूथ और वॉकी-टॉकी के साथ पकड़ा गया। वहीं बेतिया के विपिन उच्च विद्यालय केंद्र से नवादा के अजय कुमार को ब्लूटूथ डिवाइस के साथ रंगे हाथ पकड़ा गया।

मुजफ्फरपुर के चैपमैन स्कूल में एक फर्जी बायोमेट्रिक कर्मी जयप्रकाश कुमार की गिरफ्तारी ने परीक्षा की गोपनीयता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस उसके मोबाइल की जांच कर रही है ताकि किसी बड़े रैकेट का पता लगाया जा सके। इसके अलावा आरा के भोजपुर जिले में एक परीक्षार्थी को परीक्षा से बाहर कर दिया गया, क्योंकि उसने अन्य छात्रों को हंगामा करने के लिए उकसाने की कोशिश की थी।

CSBC के अनुसार, परीक्षा को पारदर्शी बनाने के लिए सीसीटीवी, जैमर, बायोमेट्रिक उपस्थिति और वीडियोग्राफी का इस्तेमाल किया गया था। पटना में बने एक केंद्रीय कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से पूरी परीक्षा की रियल टाइम निगरानी की जा रही थी। पुलिस अब गिरफ्तार लोगों से पूछताछ कर यह पता लगा रही है कि ये लोग किसी संगठित सॉल्वर गैंग से जुड़े हैं या यह व्यक्तिगत कोशिश थी।