Bihar : पटना आने वाले पुलिस जवानों और अधिकारियों को अब ठहरने के लिए निजी होटलों या जिला अतिथि गृहों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। डीजीपी विनय कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में फैसला लिया गया है कि पटना के मैंगल्स रोड मे
Bihar : पटना आने वाले पुलिस जवानों और अधिकारियों को अब ठहरने के लिए निजी होटलों या जिला अतिथि गृहों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। डीजीपी विनय कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में फैसला लिया गया है कि पटना के मैंगल्स रोड में एक शानदार पांच मंजिला गेस्ट हाउस बनाया जाएगा। इसमें पुलिसकर्मियों को सुरक्षित और सस्ती रहने की सुविधा मिलेगी।
गेस्ट हाउस में क्या-क्या सुविधाएं मिलेंगी?
यह गेस्ट हाउस आईपीएस मेस की तर्ज पर तैयार किया जाएगा। इसमें 50 से ज्यादा वातानुकूलित (AC) कमरे और डोरमेट्री की सुविधा होगी। अक्सर पुलिसकर्मी अपने साथ आधुनिक हथियार और जरूरी दस्तावेज लेकर चलते हैं, जिन्हें निजी होटलों में रखना सुरक्षित नहीं होता। ऐसे में यह गेस्ट हाउस उन्हें एक सुरक्षित माहौल देगा। भवन के रखरखाव के लिए पुलिसकर्मियों से 250 से 500 रुपये के बीच मामूली किराया लिया जाएगा।
किन कर्मियों को मिलेगा कल्याण कोष का लाभ?
बैठक में यह भी तय हुआ कि अब अग्निशमन सेवा (Fire Service) और विशेष शाखा के कर्मियों को भी बिहार पुलिस कल्याण कोष का लाभ दिया जाएगा। इसके तहत उन्हें परोपकारी कोष, शिक्षा कोष और अनुदान योजना का फायदा मिलेगा। विशेष शाखा के कर्मियों के लिए 2011 से बंद पड़ा अंशदान का काम फिर से शुरू होगा, जबकि अग्निशमन कर्मियों के लिए जनवरी 2005 से कटौती की जाएगी।
निर्माण कार्य की क्या है प्रक्रिया?
मैंगल्स रोड स्थित बिहार पुलिस एसोसिएशन कार्यालय की खाली जमीन पर यह बिल्डिंग बनेगी। पुलिस मुख्यालय ने इसके लिए बिहार पुलिस भवन निर्माण निगम को पत्र भेज दिया है। अब निगम की टीम जमीन की नापी करेगी और नक्शा तैयार कर विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) बनाएगी, जिसके बाद निर्माण कार्य शुरू होगा।