Bihar में मुकेश कुमार और आकाश दीप बने DSP, ‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ स्कीम के तहत मिली सीधी नियुक्ति

Bihar: बिहार सरकार ने खेल जगत में राज्य का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों के लिए बड़ी पहल की है। ‘बिहार उत्कृष्ट खिलाड़ियों की सीधी नियुक्ति (संशोधन) नियमावली, 2026’ के तहत भारतीय क्रिकेटर मुकेश कुमार और आकाश

Bihar: बिहार सरकार ने खेल जगत में राज्य का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों के लिए बड़ी पहल की है। ‘बिहार उत्कृष्ट खिलाड़ियों की सीधी नियुक्ति (संशोधन) नियमावली, 2026’ के तहत भारतीय क्रिकेटर मुकेश कुमार और आकाश दीप को बिहार पुलिस में डिप्टी सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (DSP) के पद पर नियुक्त किया गया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने खुद इन खिलाड़ियों सहित कुल 19 एथलीटों को नियुक्ति पत्र सौंपे हैं।

यह पूरी प्रक्रिया सामान्य प्रशासन विभाग और गृह विभाग की अधिसूचना के बाद पूरी हुई है। इस योजना को आम भाषा में ‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ स्कीम कहा जा रहा है। इसके जरिए उन खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी दी जा रही है जिन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीते हैं। खास बात यह है कि इन नियुक्तियों के लिए खिलाड़ियों को नियमित प्रतियोगी परीक्षा देने की जरूरत नहीं पड़ी है।

नियमों के मुताबिक, यह नियुक्ति शुरुआती छह महीने के लिए प्रोविजनल रहेगी, जिसमें चरित्र सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। साथ ही, नियुक्त होने वाले खिलाड़ियों को एक बॉन्ड साइन करना होगा, जिसके तहत उन्हें जॉइनिंग की तारीख से अगले पांच साल तक प्रतिस्पर्धी खेलों में एक्टिव रहना होगा।

मुकेश कुमार को यह सम्मान 19वें एशियाई खेलों 2022 में गोल्ड मेडल जीतने के बाद मिला है। वहीं आकाश दीप भी गोल्ड मेडल जीतने वाली टीम का हिस्सा रहे थे और उन्होंने 2025 में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में भारत का प्रतिनिधित्व किया था। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि सरकार खेल प्रतिभाओं को पहचानने और इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है ताकि बिहार के खिलाड़ी देश का नाम रोशन कर सकें।