Bihar में बदला लेने की धमकी देने वाला पुलिस कॉन्स्टेबल सस्पेंड, भोजपुर एनकाउंटर से जुड़ा है मामला

Bihar: मोतिहारी पुलिस लाइंस में तैनात एक कॉन्स्टेबल आशीष कुमार तिवारी को पुलिस विभाग ने सस्पेंड कर दिया है. आशीष पर आरोप है कि उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो डालकर अपने चचेरे भाई भरत भूषण तिवारी की मौत का बदला लेने की

Bihar: मोतिहारी पुलिस लाइंस में तैनात एक कॉन्स्टेबल आशीष कुमार तिवारी को पुलिस विभाग ने सस्पेंड कर दिया है. आशीष पर आरोप है कि उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो डालकर अपने चचेरे भाई भरत भूषण तिवारी की मौत का बदला लेने की धमकी दी थी. यह पूरा मामला भोजपुर जिले में हुए एक पुलिस मुठभेड़ से जुड़ा हुआ है.

पूर्वी चंपारण के एसपी स्वर्ण प्रभात ने इस कार्रवाई को अनुशासनहीनता माना है. कॉन्स्टेबल आशीष ने वीडियो में खुद को भरत तिवारी का भाई बताया था और कहा था कि अगर 7 दिनों के भीतर न्याय नहीं मिला तो वह बदला लेंगे. पुलिस विभाग के मुताबिक, बिना अनुमति के किसी भी पुलिसकर्मी का सार्वजनिक मंच या सोशल मीडिया पर इस तरह के भड़काऊ बयान देना सेवा नियमों का उल्लंघन है.

इस मामले में मोतिहारी पुलिस लाइन के डीएसपी ने जांच की थी. आशीष कुमार तिवारी को अपना पक्ष रखने का मौका दिया गया, लेकिन उनका जवाब संतोषजनक नहीं मिला, जिसके बाद उन्हें निलंबित कर दिया गया. जांच के दौरान पुलिस ने आशीष का पुराना रिकॉर्ड भी निकाला, जिसमें पाया गया कि वह पहले भी हिंसक व्यवहार कर चुके हैं. उन पर अपने ही साथी पुलिसकर्मियों और एक सब-इंस्पेक्टर पर चाकू और सर्विस पिस्टल से हमला करने के आरोप रहे हैं.

पूरा विवाद 16 जून 2026 को भोजपुर के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव में हुई मुठभेड़ से शुरू हुआ था, जिसमें भरत भूषण तिवारी मारे गए थे. बिहार पुलिस मुख्यालय ने माना था कि इस कार्रवाई में बड़ी चूक हुई थी, जिसके कारण शाहपुर थाना प्रभारी समेत पांच पुलिसकर्मियों को पहले ही सस्पेंड किया जा चुका है.

फिलहाल इस मुठभेड़ की न्यायिक जांच चल रही है. पटना हाई कोर्ट के रिटायर्ड जज विनोद कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में एक आयोग बनाया गया है. मृतक के परिवार का आरोप है कि भरत ने हथियार डाल दिए थे, फिर भी उन्हें गोली मारी गई. वहीं पुलिस का कहना है कि भरत पुलिस टीम पर फायरिंग कर रहे थे और आत्मरक्षा में यह कार्रवाई की गई. इस मामले में 20 जून 2026 को भरत के पिता और भाई के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की गई है.