Bihar में अब स्कूलों और कॉलेजों में तैनात होंगी ‘पुलिस दीदी’, 1500 स्कूटरों का दिया गया ऑर्डर
Bihar: राज्य में महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए बिहार पुलिस ने ‘अभया ब्रिगेड’ की शुरुआत की है। इसके तहत अब स्कूल, कॉलेज और यूनिवर्सिटी कैंपस में ‘पुलिस दीदी’ की तैनाती होगी।
Bihar: राज्य में महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए बिहार पुलिस ने ‘अभया ब्रिगेड’ की शुरुआत की है। इसके तहत अब स्कूल, कॉलेज और यूनिवर्सिटी कैंपस में ‘पुलिस दीदी’ की तैनाती होगी। डीजीपी विनय कुमार ने बताया कि इन महिला पुलिसकर्मियों की ड्यूटी को आसान और तेज बनाने के लिए 1500 स्कूटरों का ऑर्डर दिया गया है, जिससे वे कैंपस और आसपास के इलाकों में बेहतर गश्त कर सकेंगी।
अभया ब्रिगेड का मुख्य मकसद शिक्षण संस्थानों और सार्वजनिक जगहों पर मनचलों की हरकतों पर लगाम लगाना और छात्राओं को सुरक्षित माहौल देना है। इस यूनिट के जरिए हर पुलिस स्टेशन में एक टीम होगी, जिसका नेतृत्व एक महिला सब-इंस्पेक्टर (SI) करेंगी। उनके साथ तीन कॉन्स्टेबल होंगे, जिनमें एक महिला और दो पुरुष शामिल होंगे। ये टीमें वर्दी और सादे कपड़ों, दोनों में रहकर उन जगहों की पहचान करेंगी जहां छेड़खानी या उत्पीड़न की शिकायतें ज्यादा आती हैं और वहां तुरंत कानूनी कार्रवाई करेंगी।
पुलिस दीदी सिर्फ सुरक्षा ही नहीं देंगी, बल्कि वे छात्राओं से सीधा संवाद भी करेंगी। वे उन्हें साइबर क्राइम, मानव तस्करी और आत्मरक्षा के तरीकों के बारे में जागरूक करेंगी। साथ ही, उन्हें इमरजेंसी हेल्पलाइन नंबर जैसे Dial-112 और साइबर हेल्पलाइन 1930 के बारे में भी जानकारी दी जाएगी।
यह पूरी पहल डिप्टी सीएम और गृह मंत्री सम्राट चौधरी के निर्देश पर शुरू की गई है, जिन्होंने महिला अपराधों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है। इस व्यवस्था की निगरानी के लिए हर महीने की 15 तारीख तक परफॉर्मेंस रिपोर्ट एसपी (कमजोर वर्ग) और क्राइम इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट को सौंपी जाएगी। हाल ही में मुजफ्फरपुर और पटना के पालीगंज जैसे इलाकों में भी इसके तहत जागरूकता अभियान चलाए गए हैं। इसके अलावा, पुलिस दीदी हॉस्टलों में सीसीटीवी, लाइटिंग और एंट्री-एग्जिट नियमों की भी जांच करेंगी और प्रिंसिपल्स व वार्डन के संपर्क में रहेंगी।