Bihar के पटना में तौलिया लपेटकर ड्यूटी करने वाले दारोगा निलंबित, वायरल वीडियो पर SP ने लिया एक्शन
पटना/बाढ़: बिहार के पटना जिले के अथमलगोला थाने से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक सहायक अवर निरीक्षक (ASI) ड्यूटी के दौरान केवल तौलिया लपेटकर फरियादियों की शिकायत सुनते नजर आए। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिय
पटना/बाढ़: बिहार के पटना जिले के अथमलगोला थाने से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक सहायक अवर निरीक्षक (ASI) ड्यूटी के दौरान केवल तौलिया लपेटकर फरियादियों की शिकायत सुनते नजर आए। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद विभाग ने कड़ा रुख अपनाते हुए अधिकारी को सस्पेंड कर दिया है।
यह पूरी घटना 14 जुलाई 2026 की सुबह करीब 10 बजे की है। एएसआई अंजनी कुमार सिंह थाने में ‘ऑफिसर ऑफ द डे’ (OD) की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। आरोप है कि उन्होंने वर्दी के बिना केवल तौलिया या लुंगी पहनकर जनता के सामने बैठकर काम किया। एक महिला शिक्षिका ने इस स्थिति का वीडियो बनाया और उसे इंटरनेट पर साझा कर दिया, जिसके बाद यह मामला चर्चा में आ गया। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने भी अपने फेसबुक पेज पर यह वीडियो शेयर कर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए थे।
ग्रामीण पुलिस अधीक्षक (SP) कुंदन कुमार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बाढ़ के डीएसपी-2 से जांच कराई। जांच रिपोर्ट में वीडियो को सही पाए जाने के बाद 15 जुलाई 2026 को एएसआई अंजनी कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। एसपी ने स्पष्ट कहा कि वर्दी के बिना इस तरह जनता के सामने आना पुलिस अनुशासन और व्यावसायिक आचरण का उल्लंघन है। इससे विभाग की छवि खराब होती है और जनता का भरोसा कम होता है।
अपनी सफाई में एएसआई अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि वह शौचालय जा रहे थे, तभी नालंदा से चोरी हुई मोटरसाइकिल की बरामदगी के सिलसिले में कुछ लोग आ गए। उन्होंने कहा कि लोगों को ज्यादा इंतजार न करना पड़े, इसलिए वह उसी हालत में उनके दस्तावेज लेने लगे और उसके बाद शौचालय गए। फिलहाल उनके खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी गई है और उन पर अनुशासनहीनता और संदिग्ध आचरण के आरोप लगाए गए हैं।