Bihar के सभी 40 लोकसभा क्षेत्रों में मनेगा पासपोर्ट सेवा दिवस, DigiLocker से आवेदन करने वालों को मिलेगी प्राथमिकता

Bihar: बिहार में पासपोर्ट बनवाने की प्रक्रिया अब और आसान होने जा रही है। क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, पटना आगामी 24 जून 2026 को पूरे राज्य में “पासपोर्ट सेवा दिवस 2026” मनाने जा रहा है। इस खास मौके पर राज्य क

Bihar: बिहार में पासपोर्ट बनवाने की प्रक्रिया अब और आसान होने जा रही है। क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, पटना आगामी 24 जून 2026 को पूरे राज्य में “पासपोर्ट सेवा दिवस 2026” मनाने जा रहा है। इस खास मौके पर राज्य के सभी 40 लोकसभा क्षेत्रों को कवर किया जाएगा, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों को पासपोर्ट सेवाओं के बारे में जानकारी मिल सके और उन्हें सुविधा मिल सके।

इस आयोजन के तहत पटना के प्रधान कार्यालय के साथ-साथ दो पासपोर्ट सेवा केंद्र (PSK) और 38 डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्र (POPSK) अपनी सेवाएं देंगे। सरकार ने इस बार DigiLocker का इस्तेमाल करने वालों को प्राथमिकता देने का फैसला किया है। अब आवेदक अपने जन्मतिथि और निवास प्रमाण पत्र जैसे जरूरी कागजात डिजिटल रूप से साझा कर सकते हैं, जिससे उन्हें पासपोर्ट ऑफिस जाते समय असली भौतिक दस्तावेज साथ ले जाने की जरूरत नहीं होगी।

विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने हाल ही में पासपोर्ट सेवाओं को डिजिटल और नागरिक-केंद्रित बनाने की तारीफ की है। उन्होंने बताया कि 2014 में पासपोर्ट सेवा केंद्रों की संख्या 77 थी, जो अब बढ़कर 544 हो गई है। बिहार में भी सुविधाओं का विस्तार हुआ है और अप्रैल 2026 में पश्चिम चंपारण के रामनगर में नए POPSK के खुलने के बाद अब सभी 40 लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों में यह सेवा उपलब्ध है।

क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, पटना ने पिछले कुछ वर्षों में आवेदनों की संख्या में बड़ी बढ़ोत्तरी देखी है। साल 2021 में जहां 2,74,758 आवेदन आए थे, वहीं 2025 में यह संख्या बढ़कर 4,51,565 तक पहुंच गई। पुलिस वेरिफिकेशन की प्रक्रिया में भी सुधार हुआ है और अब इसमें लगने वाला समय घटकर लगभग 10 दिन रह गया है।

आम लोगों के अनुभव जानने के लिए पटना के प्रधान कार्यालय, पीएसके पाटलिपुत्र और पीएसके दरभंगा में विशेष सेल्फी बूथ और सहभागिता क्षेत्र बनाए जाएंगे। यहां आवेदक अपने अनुभव साझा कर सकेंगे और उन्हें यादगार स्मारक बैज भी दिए जाएंगे। प्रशासन का लक्ष्य पासपोर्ट सेवाओं को और अधिक पारदर्शी और कुशल बनाना है।