Bihar के नूरसराय में खुला डिग्री कॉलेज, अब प्रखंड स्तर पर ही मिलेगी उच्च शिक्षा की सुविधा
Bihar/Nalanda: नूरसराय प्रखंड के विद्यार्थियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। यहाँ राजकीय डिग्री महाविद्यालय का शुभारंभ हो गया है, जिससे अब स्थानीय छात्रों को ग्रेजुएशन की पढ़ाई के लिए दूसरे शहरों में नहीं जाना पड़ेगा। सांसद कौ
Bihar/Nalanda: नूरसराय प्रखंड के विद्यार्थियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। यहाँ राजकीय डिग्री महाविद्यालय का शुभारंभ हो गया है, जिससे अब स्थानीय छात्रों को ग्रेजुएशन की पढ़ाई के लिए दूसरे शहरों में नहीं जाना पड़ेगा। सांसद कौशलेंद्र कुमार ने इस कॉलेज का विधिवत उद्घाटन किया।
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 15 जुलाई, 2026 को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए राज्य के सभी 534 प्रखंडों में डिग्री कॉलेजों के शैक्षणिक सत्र की एक साथ शुरुआत की। इस पहल के साथ ही बिहार देश का पहला ऐसा राज्य बन गया है जहाँ हर प्रखंड में एक डिग्री कॉलेज की सुविधा उपलब्ध है। नालंदा जिले के नौ नवस्थापित कॉलेजों में भी 15 जुलाई से पढ़ाई शुरू हो गई है।
नूरसराय राजकीय डिग्री महाविद्यालय के प्रभारी प्रधानाचार्य के रूप में डॉ. रत्नेश अमन को नियुक्त किया गया है। सरकार ने प्रशासनिक कार्यों और वित्तीय प्रबंधन के लिए प्रभारी प्रधानाचार्यों की तैनाती की है। इन कॉलेजों में स्नातक प्रथम वर्ष के लिए नामांकन ऑनलाइन आवेदन और मेरिट लिस्ट के आधार पर किया जा रहा है।
नालंदा जिले के इन नौ कॉलेजों में सत्र 2026-30 के लिए हिंदी, अंग्रेजी, अर्थशास्त्र, राजनीति शास्त्र, इतिहास और समाज शास्त्र जैसे विषयों में पढ़ाई होगी। हर विषय में 48 सीटें रखी गई हैं, जिससे एक कॉलेज में 288 और पूरे जिले के नौ कॉलेजों में कुल 2,592 छात्र उच्च शिक्षा ले सकेंगे।
जिला शिक्षा पदाधिकारी हेमचंद्र ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया और बताया कि इस सुविधा से ग्रामीण क्षेत्रों के छात्रों, खासकर छात्राओं को काफी राहत मिलेगी। कतरीसराय कॉलेज के प्राचार्य प्रो. रामकृष्ण परमहंस ने कहा कि क्लासरूम और बुनियादी सुविधाओं को तेजी से दुरुस्त किया जा रहा है। उद्घाटन के मौके पर विधायक डॉ. जीतेंद्र कुमार, हरिनारायण सिंह और कृष्ण मुरारी शरण समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद थे।