Bihar के नवगछिया में शादी के दौरान हर्ष फायरिंग, दो किशोर घायल, हालत गंभीर

Bihar/Bhagalpur: नवगछिया पुलिस जिले के गोपालपुर थाना क्षेत्र में एक शादी के जश्न के दौरान खुशियां मातम में बदल गईं। तिनटंगा करारी गांव में डीजे कार्यक्रम के बीच हुई हर्ष फायरिंग में दो किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल

Bihar/Bhagalpur: नवगछिया पुलिस जिले के गोपालपुर थाना क्षेत्र में एक शादी के जश्न के दौरान खुशियां मातम में बदल गईं। तिनटंगा करारी गांव में डीजे कार्यक्रम के बीच हुई हर्ष फायरिंग में दो किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल किशोरों को तुरंत इलाज के लिए नवगछिया अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के मुताबिक, इस घटना में सौरभ कुमार और तुफान कुमार नाम के दो किशोरों को गोली लगी। घायल सौरभ कुमार के पिता बुदेश मंडल ने गांव के ही प्रीतम कुमार मंडल पर गैरकानूनी तरीके से कट्टा चलाने और लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। फिलहाल गोपालपुर थाना पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है।

बिहार में हर्ष फायरिंग को रोकने के लिए सरकार और पुलिस काफी सख्त है। संशोधित शस्त्र अधिनियम के तहत अब हर्ष फायरिंग करने वाले व्यक्ति के साथ-साथ हथियार के लाइसेंस धारक पर भी कड़ी कार्रवाई होगी। नियम के अनुसार, लाइसेंस धारक को गिरफ्तार किया जा सकता है, उनका लाइसेंस रद्द हो सकता है और उन्हें दो साल तक की जेल के साथ एक लाख रुपये तक का जुर्माना भरना पड़ सकता है। अगर ऐसी किसी घटना में किसी की जान जाती है, तो हत्या का मामला दर्ज किया जाएगा।

बिहार पुलिस ने जून 2023 में इसके लिए नए SOP जारी किए थे, जिसमें लाइसेंस का सत्यापन और आयोजन स्थलों पर CCTV कैमरे लगाने की बात कही गई थी। होटल मालिकों और आयोजकों की यह जिम्मेदारी है कि वे पुलिस को कार्यक्रम की सूचना दें। नवगछिया पुलिस ने साफ कहा है कि ऐसी गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

नवगछिया में पिछले कुछ दिनों में ऐसी कई घटनाएं सामने आई हैं। 21 जून 2026 को अंतिम संस्कार के दौरान राइफल से फायरिंग करने वाले बमबम यादव को पुलिस ने गिरफ्तार किया था और हथियार भी बरामद किया था। इससे पहले 12 जून को भी हर्ष फायरिंग के एक मामले में गिरफ्तारी हुई थी।