Bihar के नवगछिया में युवक की गोली मारकर हत्या, बांसबाड़ी के पास मिला शव
Bihar/Bhagalpur: भागलपुर जिले के नवगछिया में एक 30 साल के युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान तेतरी दक्षिणबारी टोला निवासी राहुल राय के रूप में हुई है, जिनका शव पकरा के दोनियां टोला स्थित रामधारी सिंह उच्च व
Bihar/Bhagalpur: भागलपुर जिले के नवगछिया में एक 30 साल के युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान तेतरी दक्षिणबारी टोला निवासी राहुल राय के रूप में हुई है, जिनका शव पकरा के दोनियां टोला स्थित रामधारी सिंह उच्च विद्यालय के मैदान के पीछे एक बांसबाड़ी के पास मिला। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में डर और दहशत का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार, राहुल राय किसान वरुण राय के पुत्र थे और बताया जा रहा है कि वह कोर्ट में मुंशी का काम करते थे। राहुल गुरुवार शाम करीब छह बजे घर से निकले थे और उन्हें आखिरी बार तेतरी दुर्गा स्थान मंदिर के पास देखा गया था। पुलिस को घटनास्थल से एक पल्सर बाइक और कारतूस का एक खाली खोखा मिला है। राहुल के शरीर पर दो गोलियों के निशान मिले हैं, जिनमें से एक सीने में और दूसरी पीठ में लगी थी।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि पकरा के दोनियां टोला निवासी सिंटू कुमार की पत्नी सोनी देवी ने राहुल को फोन करके घर से बुलाया था। पुलिस इस एंगल की जांच कर रही है और मामले को प्रेम-प्रसंग या किसी गहरी साजिश से जोड़कर देख रही है। वहीं शुरुआती जांच में पुलिस इसे आपसी गुटीय रंजिश और नशे के कारोबार से जुड़ा विवाद भी मान रही है।
नवगछिया के पुलिस अधीक्षक (SP) वैभव शर्मा और SDPO अनिकेत अमर ने मौके पर पहुंचकर जांच की। साक्ष्य जुटाने के लिए FSL की टीम को भी बुलाया गया था। बताया गया है कि राहुल का पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है और वह करीब छह महीने पहले मारपीट के एक मामले में जेल से बाहर आए थे। पुलिस अब कॉल डिटेल्स और तकनीकी सर्विलांस की मदद से अपराधियों की तलाश में छापेमारी कर रही है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा किया है।