Bihar के Nalanda में हाईटेंशन तार की चपेट में आई मजदूरों से भरी बस, दंपती की मौत, 8 घायल

Nalanda: बिहार के नालंदा जिले में बुधवार को एक बड़ा हादसा हो गया। यहाँ मजदूरों से भरी एक बस 11,000 वोल्ट के हाईटेंशन बिजली के तार की चपेट में आ गई। इस घटना में एक दंपती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 8 से 10 लोग गंभी

Nalanda: बिहार के नालंदा जिले में बुधवार को एक बड़ा हादसा हो गया। यहाँ मजदूरों से भरी एक बस 11,000 वोल्ट के हाईटेंशन बिजली के तार की चपेट में आ गई। इस घटना में एक दंपती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 8 से 10 लोग गंभीर रूप से झुलस गए। हादसा पावापुरी थाना क्षेत्र के शमवशरण मंदिर के पास दोपहर के समय हुआ।

जानकारी के मुताबिक, करीब 50 से 60 मजदूर नरकटिया के ईंट-भट्ठों पर काम करने के बाद अपने गांव घोसरावां लौट रहे थे। बस की छत पर एक साइकिल रखी हुई थी, जो ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तार से छू गई। साइकिल के संपर्क में आते ही पूरी बस में करंट दौड़ गया, जिससे अंदर बैठे मजदूर बुरी तरह झुलस गए। हादसे में घोसरावां गांव के 50 वर्षीय रुदल मांझी और उनकी 45 वर्षीय पत्नी फूलो देवी की जान चली गई।

घायलों में पुटूस कुमारी, रिंकू देवी, कारु मांझी, संतोष मांझी, पवन मांझी, सरोज देवी, धर्मेंद्र मांझी और राजकुमार मांझी शामिल हैं। सभी को तुरंत पावापुरी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (VIMS) में भर्ती कराया गया है, जहाँ पांच लोगों की हालत नाजुक बताई जा रही है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया है।

पावापुरी थानाध्यक्ष गौरव कुमार सिंह और राजगीर DSP संजीत कुमार गुप्ता ने बताया कि प्रारंभिक जांच में बस की छत पर रखी साइकिल के तार से छूने की बात सामने आई है। वहीं, स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि हाईटेंशन तार काफी समय से नीचे लटके हुए थे, जिसकी शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई। प्रशासन ने अब पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।