Bihar के मुंगेर में अंतरराष्ट्रीय आतंकी नेटवर्क से जुड़ा व्यक्ति गिरफ्तार, दिल्ली में पेट्रोल बम से हमले की थी साजिश

Bihar/Munger: मुंगेर जिले की पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए अंतरराष्ट्रीय आतंकी नेटवर्क के संदेह में मोहम्मद सद्दाम नाम के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी तारापुर थाना क्षेत्र के मिल्की खानपुर गांव

Bihar/Munger: मुंगेर जिले की पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए अंतरराष्ट्रीय आतंकी नेटवर्क के संदेह में मोहम्मद सद्दाम नाम के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी तारापुर थाना क्षेत्र के मिल्की खानपुर गांव में छापेमारी के दौरान हुई। पुलिस को शक है कि आरोपी विदेशी हैंडलर्स के संपर्क में था और किसी बड़ी वारदात की फिराक में था।

तारापुर एसडीपीओ कुमार देवेंद्र और थानाध्यक्ष राजकुमार के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई के दौरान आरोपी ने भागने की कोशिश की। उसने शौचालय की छत पर झाड़ियों में कुछ सामान फेंक दिया था, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी पिस्तौल, एक खाली मैगजीन और एक मोबाइल फोन मिला है।

पुलिस की शुरुआती पूछताछ में चौंकाने वाली बातें सामने आई हैं। आरोपी मोहम्मद सद्दाम, पिता मोहम्मद शमशेर, पाकिस्तानी गैंगस्टर राणा हुसैन (राणा भाई) के संपर्क में था। ये दोनों इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए जुड़े हुए थे। जांच में पता चला है कि पाकिस्तानी नेटवर्क के निर्देश पर दिल्ली के किसी भीड़भाड़ वाले इलाके में पेट्रोल बम से आतंकी हमला करने की योजना बनाई जा रही थी।

पुलिस अब सद्दाम के मुंबई कनेक्शन की भी जांच कर रही है, क्योंकि वह पहले वहां रहता था और माना जा रहा है कि वहीं उसकी इस नेटवर्क से जान-पहचान हुई। उसके मोबाइल फोन के डिजिटल डेटा की फॉरेंसिक जांच की जा रही है, जिसमें एक पाकिस्तानी नंबर भी मिला है।

इस मामले में बिहार पुलिस और बिहार ATS के साथ-साथ केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां भी मिलकर काम कर रही हैं। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 113(3)(5) और आर्म्स एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल सद्दाम को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और पुलिस उसके दो अन्य फरार साथियों की तलाश कर रही है।