Bihar में सड़क हादसे में एक की मौत, 3 गंभीर घायल; मोतिहारी में आमने-सामने टकराए दो ट्रक
Bihar/Motihari: पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी में सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ. NH-27 ओवरब्रिज के पास दो ट्रक आपस में इतनी जोरदार तरीके से टकराए कि एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई और तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घ
Bihar/Motihari: पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी में सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ. NH-27 ओवरब्रिज के पास दो ट्रक आपस में इतनी जोरदार तरीके से टकराए कि एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई और तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. यह दुर्घटना सुबह करीब 6:30 बजे हुई जब सड़क पर यातायात सामान्य था.
जानकारी के मुताबिक, एक ट्रक टाइल्स से लदा था और दूसरा ट्रक अदरक और अनाज लेकर जा रहा था. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मुजफ्फरपुर की ओर जा रहे टाइल्स लदे ट्रक के चालक को नींद की झपकी आ गई. इस वजह से ट्रक डिवाइडर तोड़कर दूसरी लेन में चला गया और मोतिहारी की ओर आ रहे दूसरे ट्रक से उसकी सीधी टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ट्रकों के अगले हिस्से पूरी तरह चकनाचूर हो गए.
इस हादसे में पंजाब के रहने वाले ट्रक चालक राजा कुमार (40 वर्ष) की मौके पर ही जान चली गई. वहीं पंजाब के प्रदीप सिंह (35 वर्ष) और उत्तर प्रदेश के मतलू (25 वर्ष) व बबलू (20 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए. मेहसी थानाध्यक्ष शानू गौरव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू कराया. घायलों को पहले मेहसी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए मुजफ्फरपुर के SKMCH रेफर कर दिया गया.
हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर करीब डेढ़ घंटे तक लंबा जाम लगा रहा और यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा. पुलिस ने क्रेन की मदद से मलबे को हटाकर सड़क को दोबारा चालू कराया. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में नींद की झपकी आना हादसे की वजह लग रही है, लेकिन मामले की पूरी जांच की जा रही है.