Bihar के मोतिहारी में हाई-टेक नकल की कोशिश नाकाम, चप्पल में छिपाकर लाया था डिवाइस, 3 गिरफ्तार

Motihari: बिहार के मोतिहारी में बुधवार को बिहार पुलिस सबऑर्डिनेट सर्विसेज कमीशन (BPSSC) द्वारा आयोजित ‘अधिनायक अनुदेशक’ भर्ती परीक्षा के दौरान नकल का एक बड़ा मामला सामने आया है। प्रशासन ने हाई-टेक तरीके से नक

Motihari: बिहार के मोतिहारी में बुधवार को बिहार पुलिस सबऑर्डिनेट सर्विसेज कमीशन (BPSSC) द्वारा आयोजित ‘अधिनायक अनुदेशक’ भर्ती परीक्षा के दौरान नकल का एक बड़ा मामला सामने आया है। प्रशासन ने हाई-टेक तरीके से नकल करने की कोशिश कर रहे तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए अभ्यर्थी ने चप्पल के अंदर इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस छिपा रखा था ताकि वह बाहर से उत्तर प्राप्त कर सके।

यह घटना मोतिहारी के LND कॉलेज परीक्षा केंद्र की है। गिरफ्तार अभ्यर्थी अविनाश कुमार पश्चिम चंपारण के नवलपुर थाना क्षेत्र के पिपरिया गांव का रहने वाला है। अविनाश की निशानदेही पर पुलिस ने उसी गांव के दो अन्य लोगों, अभिनव कुमार और दीपक कुमार को भी गिरफ्तार किया है। एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि अविनाश ने पूछताछ में माना कि उसने नकल करने का यह तरीका यूट्यूब वीडियो देखकर सीखा था और डिवाइस ऑनलाइन मंगवाया था।

सुरक्षा जांच से बचने के लिए अविनाश ने एक चालाकी की थी। उसने डिवाइस लगी चप्पल को परीक्षा केंद्र की चारदीवारी के अंदर फेंक दिया था और खुद नंगे पैर जांच कराकर अंदर चला गया। अंदर जाने के बाद उसने वह चप्पल पहन ली। हालांकि, प्रशासन की सतर्कता की वजह से वह पकड़ा गया।

डीएम सौरभ सुमन यादव के निर्देश पर इस परीक्षा को पूरी तरह कदाचार मुक्त बनाने के लिए सख्त इंतजाम किए गए थे। जिले में कुल 12 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जहां सीसीटीवी कैमरे और जैमर लगाए गए थे। अभ्यर्थियों की तीन स्तरों पर तलाशी ली गई थी और सुबह 10:30 बजे के बाद किसी को भी प्रवेश नहीं दिया गया।

इसी परीक्षा के दौरान रोहतास जिले के सासाराम में भी दो अभ्यर्थी, विवेक कुमार और महाकाल मिश्रा, नकल करते हुए पकड़े गए और उन्हें परीक्षा से निष्कासित कर दिया गया। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि डिवाइस उपलब्ध कराने और उत्तर भेजने वाले नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है।