Bihar में मेडिकल छात्रों की बल्ले-बल्ले, MBBS की 740 नई सीटें मंजूर, अब कुल आंकड़ा 4160 पहुंचा
Bihar: राज्य के मेडिकल छात्रों और NEET UG की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए एक बहुत बड़ी खुशखबरी आई है। राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) ने बिहार में MBBS की 740 नई सीटों को मंजूरी दे दी है। इस फैसले के बाद अब राज्य में क
Bihar: राज्य के मेडिकल छात्रों और NEET UG की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए एक बहुत बड़ी खुशखबरी आई है। राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) ने बिहार में MBBS की 740 नई सीटों को मंजूरी दे दी है। इस फैसले के बाद अब राज्य में कुल एमबीबीएस सीटों की संख्या बढ़कर 4160 हो गई है, जिससे अब और ज्यादा छात्रों को डॉक्टर बनने का मौका मिलेगा।
यह बढ़ोतरी शैक्षणिक सत्र 2026-27 से लागू होगी। NMC ने सरकारी और निजी दोनों तरह के मेडिकल कॉलेजों में सीटों की संख्या बढ़ाई है। सरकारी कॉलेजों में 190 नई सीटें जोड़ी गई हैं, जिससे वहां कुल सीटों की संख्या 1520 से बढ़कर 1710 हो गई है। वहीं, निजी मेडिकल कॉलेजों में 550 सीटों का इजाफा हुआ है, जिससे वहां अब कुल 2450 सीटों पर नामांकन होगा।
राज्य में अब कुल 26 मेडिकल कॉलेज हो गए हैं, जिनमें 12 सरकारी और 14 निजी कॉलेज शामिल हैं। पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (PMCH) और नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (NMCH) दोनों में 50-50 सीटें बढ़ाई गई हैं। अब PMCH में 250 और NMCH में 200 सीटों पर एडमिशन होगा। इसके अलावा दरभंगा मेडिकल कॉलेज, जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज भागलपुर और श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज मुजफ्फरपुर में भी 30-30 सीटें बढ़ाई गई हैं।
निजी कॉलेजों की बात करें तो बिहटा के नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज को सबसे ज्यादा 100 सीटों का फायदा मिला है, जिससे वहां अब कुल 250 सीटें हो गई हैं। साथ ही दो नए निजी कॉलेजों, बुद्धा हॉस्पिटल एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट और श्रीनिवास जी एजुकेशनल एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज को 100-100 सीटों के साथ मंजूरी मिली है। जानकारों का कहना है कि सीटों की संख्या बढ़ने से छात्रों के बीच मुकाबला थोड़ा कम होगा और कटऑफ में भी राहत मिल सकती है।
सिर्फ बिहार ही नहीं, बल्कि पूरे देश में भी सीटों की संख्या बढ़ी है। 2026-27 सत्र के लिए राष्ट्रीय स्तर पर कुल 9911 नई एमबीबीएस सीटें जोड़ी गई हैं। इससे देश के 823 मेडिकल कॉलेजों में कुल सीटों की संख्या अब 1,36,939 हो गई है।