Bihar के मधुबनी में सड़क हादसे में 3 महिलाओं की मौत, मॉर्निंग वॉक के बाद अनियंत्रित वाहन ने कुचला

मधुबनी: बिहार के मधुबनी जिले में रविवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। बेनीपट्टी थाना क्षेत्र में मॉर्निंग वॉक कर रही तीन महिलाओं को एक तेज रफ्तार अनियंत्रित वाहन ने कुचल दिया, जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। यह

मधुबनी: बिहार के मधुबनी जिले में रविवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। बेनीपट्टी थाना क्षेत्र में मॉर्निंग वॉक कर रही तीन महिलाओं को एक तेज रफ्तार अनियंत्रित वाहन ने कुचल दिया, जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा बेनीपट्टी स्टेट हाईवे पर सरिसब गांव के पास स्थित जगदंबा पेट्रोल पंप के पास हुआ।

जानकारी के मुताबिक यह घटना 9 अगस्त 2026 की सुबह करीब 5 से 6 बजे के बीच हुई। महिलाएं मॉर्निंग वॉक करके घर लौट रही थीं और इसी दौरान जगदंबा पेट्रोल पंप के पास सड़क किनारे थककर बैठी थीं। तभी एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन, जिसे कुछ लोग स्कॉर्पियो बता रहे हैं, ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों महिलाओं ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वाहन चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया।

मृतकों की पहचान अरेर थाना क्षेत्र के धकजरी नवटोली गांव निवासी 42 वर्षीय रीता देवी, 40 वर्षीय किरण देवी और 70 वर्षीय फूलदाई देवी के रूप में हुई है। हादसे की खबर मिलते ही बेनीपट्टी और अरेर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में काफी गुस्सा देखा गया और ग्रामीणों ने सड़क जाम कर अपना विरोध जताया। स्थिति को संभालने के लिए घटनास्थल पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारी ग्रामीणों और पीड़ित परिवारों से बातचीत कर सड़क जाम हटाने की कोशिश कर रहे हैं। पुलिस फरार वाहन चालक की तलाश कर रही है और इसके लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।