Bihar के खगड़िया में कोसी नदी का कहर, शिशवा गाँव में 6 घर नदी में समाए, ग्रामीण परेशान

Bihar/Khagaria : खगड़िया जिले के चौथम प्रखंड स्थित शिशवा गाँव में कोसी नदी का भीषण कटाव जारी है। रविवार सुबह कोसी के तेज बहाव के कारण गाँव के छह घर नदी में समा गए, जिससे कई परिवार पूरी तरह बेघर हो गए हैं। इस घटना के बाद

Bihar/Khagaria : खगड़िया जिले के चौथम प्रखंड स्थित शिशवा गाँव में कोसी नदी का भीषण कटाव जारी है। रविवार सुबह कोसी के तेज बहाव के कारण गाँव के छह घर नदी में समा गए, जिससे कई परिवार पूरी तरह बेघर हो गए हैं। इस घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मची हुई है और लोग दहशत में हैं।

गाँव के लोग अपने घरों का सामान बचाकर सुरक्षित जगहों पर ले जा रहे हैं। जिन परिवारों के घर नदी में गिरे हैं, वे अब खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं। ग्रामीणों का कहना है कि वे कई दिनों से प्रशासन को इस खतरे की जानकारी दे रहे थे, लेकिन समय रहते कोई कदम नहीं उठाया गया। लोगों ने जिला प्रशासन और जल संसाधन विभाग से तुरंत बोल्डर पिचिंग और बाँस पाइलिंग जैसे कटावरोधी कार्य शुरू करने, राहत सामग्री और मुआवजे की माँग की है।

प्रशासनिक स्तर पर चौथम के अंचलाधिकारी (CO) रवि राज ने बताया कि कटाव की खबर मिलने के बाद राजस्व कर्मचारी रणधीर कुमार को मौके पर भेजा गया है। वह स्थल का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन कर रहे हैं और प्रशासन स्थिति पर नजर रखे हुए है। हालांकि, जमीनी हकीकत यह है कि अभी तक कोई ठोस कटावरोधी कार्य शुरू नहीं हुआ है। बताया जा रहा है कि 2 जुलाई को प्रशासनिक मदद न मिलने पर ग्रामीणों ने खुद चंदा इकट्ठा कर कटाव रोकने की कोशिश की थी।

शिशवा गाँव के लिए यह समस्या नई नहीं है, यहाँ हर साल कोसी नदी का कहर टूटता है। साल 2025 में एक सरकारी भवन नदी में समा गया था और 2024 में गाँव को जोड़ने वाली मुख्य सड़क कट गई थी। जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता मनीष कुमार ने 1 जुलाई को जल्द कार्य शुरू करने की बात कही थी। वहीं, कोसी बराज से 1 जुलाई को 1.22 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया था, जिसकी निगरानी विभाग द्वारा की जा रही है।