Bihar के कटिहार में म्यूटेशन के नाम पर घूस लेते राजस्व कर्मी का वीडियो वायरल, DM ने दिए जांच के आदेश
Bihar/Katihar: कटिहार जिले के अजमनगर अंचल में भ्रष्टाचार का एक मामला सामने आया है। यहां एक राजस्व कर्मी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें वह जमीन के म्यूटेशन यानी दाखिल-खारिज के काम के बदले रिश्वत लेते दिख रह
Bihar/Katihar: कटिहार जिले के अजमनगर अंचल में भ्रष्टाचार का एक मामला सामने आया है। यहां एक राजस्व कर्मी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें वह जमीन के म्यूटेशन यानी दाखिल-खारिज के काम के बदले रिश्वत लेते दिख रहे हैं। इस घटना के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के मुताबिक, यह पूरा मामला अजमनगर ब्लॉक के पिंडहल पंचायत इलाके का है। आरोपी राजस्व कर्मी सुनील कुमार ठाकुर पर आरोप है कि उन्होंने जमीन मालिक संजीव कुमार से म्यूटेशन के काम के लिए पैसे मांगे। संजीव कुमार का कहना है कि उन्होंने अब तक कुल 76,000 रुपये तीन किस्तों में दिए थे, जिनमें 40,000, 15,000 और 21,000 रुपये शामिल थे। इसके बावजूद उनका काम पूरा नहीं हुआ था।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि राजस्व कर्मी कथित तौर पर संजीव कुमार से 21,000 रुपये ले रहे हैं। वीडियो में यह भी सुनाई दे रहा है कि पैसे मिलने के बाद काम हो जाएगा, वरना अधिकारी सिर्फ घुमाते रहते हैं।
इस मामले की खबर मिलते ही कटिहार के जिला मजिस्ट्रेट (DM) आशुतोष त्रिवेदी ने कड़ा रुख अपनाया है। DM ने इस पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। उन्होंने साफ कहा कि सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपना रही है और अगर जांच में राजस्व कर्मी के खिलाफ आरोप सही पाए गए, तो उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।