Bihar के जहानाबाद में बालू विवाद में ताबड़तोड़ फायरिंग, 1 की मौत और कई घायल, ‘विष्णु डॉन’ गिरफ्तार

Bihar/Jehanabad: जहानाबाद जिले के घोसी थाना क्षेत्र में बालू उठाने के पुराने विवाद को लेकर शनिवार को खूनी संघर्ष हो गया। चौतीपीपर गांव में दो गुटों के बीच हुई इस हिंसक झड़प में हथियारबंद अपराधियों ने अंधाधुंध गोलियां चला

Bihar/Jehanabad: जहानाबाद जिले के घोसी थाना क्षेत्र में बालू उठाने के पुराने विवाद को लेकर शनिवार को खूनी संघर्ष हो गया। चौतीपीपर गांव में दो गुटों के बीच हुई इस हिंसक झड़प में हथियारबंद अपराधियों ने अंधाधुंध गोलियां चलाईं, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई है जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

यह पूरी घटना 4 जुलाई 2026 की सुबह करीब 11 बजे की है। फल्गु नदी से बालू निकालने के विवाद में दो पक्षों के बीच मारपीट शुरू हुई, जिसने देखते ही देखते फायरिंग का रूप ले लिया। रामपुर गांव के धीरज कुमार को सीने में गोली लगी, जिसकी मौत की खबर है। इसके अलावा सुधीर कुमार, दिनेश राम, विजय कुमार, अजय कुमार, रेशम कुमार और विष्णु कुमार सहित एक महिला भी घायल हुई हैं। सभी घायलों को पहले स्थानीय पीएचसी और फिर जहानाबाद सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें PMCH पटना रेफर कर दिया गया है।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मुख्य आरोपी विष्णु शर्मा उर्फ विष्णु डॉन को ग्रामीणों की मदद से गिरफ्तार कर लिया है। विष्णु डॉन के पिता का नाम अवधेश शर्मा है और वह गिंजी गांव का रहने वाला है। इस वारदात में विष्णु के साथ 10 नामजद और करीब 20 अज्ञात अपराधी शामिल थे, जो फिलहाल फरार हैं। पुलिस ने घटनास्थल से दो मोटरसाइकिलें और कारतूसों के कई खोखे बरामद किए हैं।

जहानाबाद पुलिस और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि घोसी थाना में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए विशेष टीमें छापेमारी कर रही हैं। पुलिस के मुताबिक, फल्गु नदी में पिछले चार साल से बालू खनन पर रोक है, लेकिन फिर भी अवैध खनन का खेल जारी है। प्रशासन ने साफ कहा है कि अवैध खनन और फायरिंग जैसी आपराधिक गतिविधियों में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है।