Bihar: जयप्रकाश विश्वविद्यालय का अजीब मामला, परीक्षा होने से पहले ही DigiLocker पर आ गया रिजल्ट

Bihar: छपरा के जयप्रकाश विश्वविद्यालय (JPU) में एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने सबको हैरान कर दिया है। यहां एक छात्र की मार्कशीट उसकी परीक्षा होने से पहले ही सरकारी प्लेटफॉर्म DigiLocker पर अपलोड हो गई। इस घटना के बाद यू

Bihar: छपरा के जयप्रकाश विश्वविद्यालय (JPU) में एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने सबको हैरान कर दिया है। यहां एक छात्र की मार्कशीट उसकी परीक्षा होने से पहले ही सरकारी प्लेटफॉर्म DigiLocker पर अपलोड हो गई। इस घटना के बाद यूनिवर्सिटी के डिजिटल सिस्टम और कामकाज पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं और छात्रों के बीच चिंता बढ़ गई है।

पूरा मामला गंगा सिंह कॉलेज के बीए थर्ड सेमेस्टर के छात्र कंचन कुमार का है। कंचन जब अपने तीसरे सेमेस्टर का ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म भर रहा था, तभी उसने देखा कि उसका रिजल्ट पहले से ही DigiLocker पर मौजूद है। इस मार्कशीट में अप्रैल 2025 की परीक्षा का जिक्र था और छात्र को प्रमोटेड भी दिखा दिया गया था। इसमें छात्र का नाम, रोल नंबर, रजिस्ट्रेशन नंबर और कॉलेज का नाम बिल्कुल सही था, जबकि उसने अभी तक परीक्षा दी ही नहीं थी।

इस मामले की जानकारी मिलते ही छात्र मंगलवार को यूनिवर्सिटी के परीक्षा विभाग पहुंचा। छात्र संगठनों ने इसे यूनिवर्सिटी की बड़ी लापरवाही बताया है और रिजल्ट प्रोसेस करने वाली एजेंसी की जांच की मांग की है। लोगों का कहना है कि जब रिजल्ट पहले से ही आ गया, तो यूनिवर्सिटी ने छात्र से परीक्षा फॉर्म और फीस कैसे स्वीकार की।

विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. अशोक कुमार मिश्रा ने कहा कि इस मामले को गंभीरता से लिया गया है और जांच के आदेश दे दिए गए हैं। उन्होंने इसे एक तकनीकी खराबी बताया और DigiLocker से गलत रिजल्ट हटाने के निर्देश दिए हैं।

दूसरी तरफ, यूनिवर्सिटी ने तीसरे सेमेस्टर की परीक्षाओं की नई तारीखें भी जारी कर दी हैं। BPSC की परीक्षा की वजह से तारीखें बदली गई हैं। अब यह परीक्षाएं 28 जुलाई से शुरू होकर 5 अगस्त 2026 तक चलेंगी। वहीं प्रैक्टिकल परीक्षाएं 7 अगस्त से 14 अगस्त 2026 के बीच होंगी। यूनिवर्सिटी ने परीक्षा हॉल में मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस ले जाने पर पूरी तरह पाबंदी लगा दी है।