Bihar में भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा सख्त, नो-मेन्स लैंड से हटेंगे अतिक्रमण और संदिग्ध बैंक खातों पर होगी कार्रवाई

Bihar: बिहार सरकार ने भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा की सुरक्षा और वहां होने वाले पैसों के संदिग्ध लेन-देन को रोकने के लिए अब तक का सबसे कड़ा कदम उठाया है। मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में 18 जून, 2026 को एक हाई ल

Bihar: बिहार सरकार ने भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा की सुरक्षा और वहां होने वाले पैसों के संदिग्ध लेन-देन को रोकने के लिए अब तक का सबसे कड़ा कदम उठाया है। मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में 18 जून, 2026 को एक हाई लेवल मीटिंग हुई, जिसमें सीमावर्ती इलाकों में अवैध कब्जे हटाने और साइबर धोखाधड़ी पर लगाम लगाने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।

मुख्य सचिव ने साफ कहा है कि अंतरराष्ट्रीय सीमा के 0 से 15 किलोमीटर के दायरे और नो-मेन्स लैंड से सभी अतिक्रमण तुरंत हटाए जाएं। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, नो-मेन्स लैंड में चिन्हित 1,359 अतिक्रमणों में से 1,349 हटाए जा चुके हैं और बाकी 10 को जल्द हटाने का आदेश है। वहीं, सीमा से 15 किलोमीटर के दायरे में 996 मामलों में से 879 अतिक्रमण हटाए गए हैं और 117 अभी बाकी हैं।

सुरक्षा के साथ-साथ सरकार का पूरा ध्यान संदिग्ध वित्तीय गतिविधियों पर भी है। साइबर फ्रॉड और ‘म्यूल अकाउंट्स’ (धोखाधड़ी के पैसों के लिए इस्तेमाल होने वाले खाते) के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की तैयारी है। बैंकों को निर्देश दिया गया है कि वे किसी भी संदिग्ध लेन-देन की जानकारी तुरंत FIU और RBI को दें। साथ ही, सीमावर्ती जिलों के सभी बैंक कर्मचारियों का पुलिस वेरिफिकेशन कराया जाएगा ताकि बैंक कर्मियों की मिलीभगत को रोका जा सके।

विवरण जानकारी/संख्या
कुल सीमा लंबाई 735 किलोमीटर
कुल सीमा पिलर 5,343 (3,771 सही स्थिति में)
लापता/क्षतिग्रस्त पिलर 1,155 लापता, 317 क्षतिग्रस्त
बैंक शाखाएं (कुल) 1,292 (1,259 में नकली नोट मशीन लगी)
सुरक्षा तैनाती 70 पुलिस थाने और 194 SSB चौकियां

वित्तीय अनियमितताओं को लेकर अररिया जिले में कई बिजनेस संस्थानों और फर्मों की जांच आयकर विभाग (अन्वेषण) को सौंपी गई है। सीमावर्ती जिलों में जिला प्रशासन और SSB ने कई संदिग्ध प्रतिष्ठानों की पहचान की है। इनमें सीतामढ़ी में 28, किशनगंज में 21, पश्चिम चंपारण में 9, मधुबनी और सुपौल में 6-6, जबकि अररिया और पूर्वी चंपारण में 5-5 संस्थान संदिग्ध पाए गए हैं। बेतिया में अब तक 78 बैंक खाते फ्रीज किए गए हैं और 5 FIR दर्ज की गई हैं।

सीमा की भौतिक सुरक्षा को लेकर भी समीक्षा की गई। भारत-नेपाल सीमा पर मौजूद पिलरों की स्थिति जांची गई, जिनमें से 1,155 पिलर लापता हैं और 317 टूट चुके हैं। इनके रखरखाव और मरम्मत के लिए फील्ड सर्वे टीम को काम में तेजी लाने को कहा गया है।