Bihar में फुटवियर और लेदर सेक्टर में ₹125 करोड़ का निवेश, 1800 लोगों को मिलेगा रोजगार
Bihar: नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित 10वें ‘इंडिया इंटरनेशनल फुटवियर फेयर’ (IIFF) 2026 में बिहार ने अपनी औद्योगिक क्षमता का प्रदर्शन किया। इस आयोजन के दौरान राज्य को फुटवियर और लेदर सेक्टर में कुल ₹125 क
Bihar: नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित 10वें ‘इंडिया इंटरनेशनल फुटवियर फेयर’ (IIFF) 2026 में बिहार ने अपनी औद्योगिक क्षमता का प्रदर्शन किया। इस आयोजन के दौरान राज्य को फुटवियर और लेदर सेक्टर में कुल ₹125 करोड़ के निवेश प्रस्ताव मिले हैं, जिससे करीब 1800 लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर खुलेंगे।
इस फेयर में बिहार सरकार ने “Bihar: The Next Frontier of Global Footwear Manufacturing” थीम के तहत एक विशेष सत्र आयोजित किया था। निवेश के आंकड़ों की बात करें तो लेहर फुटवियर प्राइवेट लिमिटेड ने ₹100 करोड़ के निवेश का समझौता किया है, जिससे अकेले इस प्रोजेक्ट से 1500 लोगों को सीधा रोजगार मिलेगा। इसके अलावा पटना लेदर गारमेंट के साथ ₹25 करोड़ के निवेश के लिए समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर हुए हैं।
बिहार की उद्योग एवं खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने निवेशकों को राज्य में उद्योग लगाने के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने बताया कि सरकार बेहतर बुनियादी ढांचा, निवेश के अनुकूल नीतियां और पारदर्शी व्यवस्था दे रही है। उन्होंने कहा कि बिहार में पर्याप्त लेबर, संसाधन और बेहतर कनेक्टिविटी मौजूद है जो उद्योगों के लिए फायदेमंद है।
उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार ने निवेशकों को मुजफ्फरपुर के महवल में बने मेगा लेदर, फुटवियर एवं एक्सेसरीज पार्क के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यहाँ निवेशकों को लीज पर प्लॉट और प्लग एंड प्ले जैसी सुविधाएं दी जा रही हैं। बिहार भवन के रेजिडेंट कमिश्नर मनोज कुमार सिंह ने कहा कि दिल्ली स्थित बिहार भवन निवेशकों और सरकार के बीच एक पुल का काम कर रहा है।
इस पूरे आयोजन का उद्घाटन केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह ने किया था। फेयर के नॉलेज पार्टनर फुटवियर डिजाइन एंड डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट (FDDI) के एमडी विवेक शर्मा ने बिहार में कुशल कार्यबल तैयार करने और तकनीकी नवाचार के महत्व पर जोर दिया। यह आयोजन इंडिया ट्रेड प्रमोशन ऑर्गेनाइजेशन (ITPO) और कंफेडरेशन ऑफ इंडियन फुटवियर इंडस्ट्रीज (CIFI) द्वारा किया गया था।